
आदर्शवादी कांग्रेस पार्टी ने युवाओं की परेशानियों को उठाया, आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राजस्थान में पीटीआई भर्ती परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में आदर्शवादी कांग्रेस पार्टी ने प्रदेशाध्यक्ष प्रेम सिंह शेखावत के नेतृत्व में जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर लाखों बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया रद्द होने से प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों को आर्थिक, मानसिक एवं शारीरिक कष्टों का सामना करना पड़ रहा है।ज्ञापन में बताया गया कि पीटीआई भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए प्रदेशभर के हजारों युवाओं ने पिछले छह से सात माह से लगातार मेहनत की। कई अभ्यर्थी अपने गांव और घरों से दूर शहरों में किराये के मकान लेकर रह रहे थे, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अनेक छात्र इंदिरा रसोई, गुरुद्वारों एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से भोजन प्राप्त कर अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए थे। अभ्यर्थियों ने कोचिंग, अध्ययन सामग्री, आवास एवं आवेदन शुल्क पर हजारों रुपये खर्च किए, लेकिन सरकार द्वारा परीक्षा रद्द किए जाने से उनकी मेहनत और उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।युवा जिलाध्यक्ष छिंदरपाल वर्मा ने कहा कि सरकार और शिक्षा विभाग द्वारा बार-बार परीक्षाओं का रद्द होना तथा पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं का सबसे अधिक नुकसान गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के युवाओं को उठाना पड़ता है,

जो सीमित संसाधनों के बावजूद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।ज्ञापन में बीकानेर संभाग प्रभारी धन्ने सिंह राठौड़ ने कहा कि परीक्षा में देरी या भर्ती रद्द होने के कारण अनेक अभ्यर्थियों की आयु सीमा समाप्त होने की स्थिति बन सकती है, जिससे वे भविष्य में भर्ती प्रक्रियाओं में आवेदन करने के पात्र भी नहीं रहेंगे। इससे युवाओं में निराशा और हताशा का वातावरण पैदा हो रहा है।आदर्शवादी कांग्रेस पार्टी ने राज्य सरकार से मांग की कि पीटीआई भर्ती प्रकरण में युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र निर्णय लिया जाए तथा प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत प्रदान की जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने युवाओं की भावनाओं एवं समस्याओं पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन में कहा गया कि ऐसी परिस्थितियों में उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।इस मौके पर ओबीसी प्रकोष्ठ तहसील अध्यक्ष भुपेन्द्र सिंह, पीलीबंगा नगर अध्यक्ष आनंद सिंह, संभाग मीडिया प्रभारी शक्ति सिंह, नगर उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह, छात्र नेता सुभाष चारण, सुरेन्द्र काठपाल, बुधराम डाबला, डॉ. डीएस लाहिया, यूनस खान, नंदू सिंह व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
