
पार्षद राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में वार्डवासियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) लापता महिला की तलाश, ससुराल पक्ष से निष्पक्ष पूछताछ तथा पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को पार्षद राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में वार्ड नंबर 57 के लोगों ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।ज्ञापन में फुलो देवी पत्नी इन्द्रमुखिया, निवासी वार्ड नंबर 57, पुलिस लाइन के पीछे सुरेशिया ने बताया कि उनकी पुत्री दुर्गा की शादी लगभग सात वर्ष पूर्व पीलीबंगा क्षेत्र के रामपुरा निवासी देवेन्द्र साहनी के साथ हुई थी। विवाह के बाद से ही उनकी पुत्री के साथ आए दिन मारपीट और प्रताड़ना की घटनाएं होती रही हैं। कई बार पंचायतें भी हुईं तथा समझौते के लिए लिखित समझौता पत्र भी तैयार किए गए, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।फुलो देवी ने आरोप लगाया कि 20 जून 2026 की शाम उनके दामाद का फोन आया और बताया गया कि उनकी पुत्री दोपहर एक बजे से घर से लापता है। इसके बाद परिवारजन लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे। 21 जून को पीलीबंगा थाने में शिकायत देने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होने आरोप लगाया कि अशोक बिश्नोई ने हमसे 2 हजार रूपये भी लिये है और थाने में दुबारा न आने के लिए भी पाबंद किया है।ज्ञापन के अनुसार 22 जून को फुलो देवी अपनी पुत्री और पुत्रवधू के साथ दुर्गा के ससुराल पहुंचीं, जहां उन्होंने अपनी नातिन से बातचीत की। नातिन ने कथित रूप से बताया कि उसकी मां के साथ मारपीट की गई थी। इसी दौरान ससुराल पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और कथित रूप से उनके साथ हाथापाई की। इसके बाद वे पीलीबंगा थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी।फुलो देवी ने आरोप लगाया कि थाने में उनकी बात सुनने के बजाय कुछ पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। ज्ञापन में एएसआई बलजीत सिंह तथा एक अन्य व्यक्ति अशोक बिश्नोई पर दुर्व्यवहार करने और अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि उनसे रुपये लेकर थाने से बाहर भेज दिया गया।प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि लापता महिला की जल्द से जल्द तलाश कर परिजनों को न्याय दिलाया जाए। साथ ही ससुराल पक्ष से गहन पूछताछ कर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जिन पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए गए हैं, उनके खिलाफ भी उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे और सभी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
