
अमन-चैन की दुआ के साथ राहगीरों को पिलाया ठंडा मीठा जल
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) मोहर्रम की 10वीं तारीख आशूरा के पावन अवसर पर मुस्लिम समुदाय संस्था की ओर से हुसैनी छबील लगाकर राहगीरों को ठंडा मीठा जल पिलाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मौलाना गुलाम किबरिया, पार्षद अब्दुल हाफिज, अब्बास अली, मोहम्मद रफी एवं फिरोज खान ने क्षेत्र में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ के साथ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने छबील में पहुंचकर शरबत और ठंडे मीठे जल का प्रसाद ग्रहण किया।आयोजकों ने बताया कि मोहर्रम त्याग, बलिदान और मानवता का संदेश देने वाला पर्व है। इसी भावना के अनुरूप भीषण गर्मी में राहगीरों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से हुसैनी छबील का आयोजन किया गया। दोपहर करीब 3 बजे तक लगातार सेवा कार्य चलता रहा, जिसमें स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दीं।कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का विशेष ध्यान रखा गया। स्वयंसेवकों ने हाथों में दस्ताने पहनकर पूरी साफ-सफाई के साथ ठंडा मीठा जल तैयार किया और लोगों को वितरित किया। आयोजन स्थल पर अनुशासित व्यवस्था बनाए रखी गई, जिससे आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।मौजूद लोगों ने मुस्लिम समुदाय संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक सद्भाव, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं। मोहर्रम के अवसर पर आयोजित हुसैनी छबील ने मानव सेवा और इंसानियत का संदेश देते हुए समाज में एकता, सौहार्द और परस्पर सहयोग की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।इस मौके पर साबिर खान, फरियाद, सत्तार, इस्माइल, आदिल रज्जा, नवाब अली, जावेद खान, अमजद खान, हरीश, फिरोज फौजी, सलमान, मंगा व अन्य सदस्य मौजूद थे।
