
फायर सेफ्टी और सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, मोहल्लावासियों ने सख्त कार्रवाई की मांग की
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) वार्ड संख्या 19 स्थित चंडीगढ़ हॉस्पिटल के निकट रहने वाले मोहल्लावासियों ने क्षेत्र में संचालित पीजी आवासों को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल एवं थानाधिकारी हनुमानगढ़ जंक्शन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कथित रूप से नशे के कारोबार, असामाजिक गतिविधियों, अवैध रूप से पीजी संचालन तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप लगाए गए हैं।ज्ञापन में मोहल्लावासियों ने आरोप लगाया कि सतकार पीजी में रहने वाला एक युवक, जो अपना नाम दिक्षित बताता है जबकि आधार कार्ड में उसका नाम दीपक कुमार दर्ज है, क्षेत्र में रहने वाले पीजी के लड़के-लड़कियों को कथित रूप से नशीले पदार्थ उपलब्ध कराता था तथा स्वयं भी नशे का आदी है। उनका कहना है कि कई बार समझाने के बावजूद वह नशे की हालत में मोहल्ले में शरारत और गुंडागर्दी करता रहा। वार्डवासी विक्रम बंसल का आरोप है कि पूछताछ के दौरान वह वाहन संख्या एचआर-44-डी-2905 में फरार हो गया तथा उसे भगाने में पीजी संचालक और उसके रिश्तेदारों ने मदद की, जिसके सबूत होने का भी दावा किया गया है।ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि चंडीगढ़ हॉस्पिटल के आसपास बड़ी संख्या में आवासीय मकानों में व्यावसायिक रूप से पीजी संचालित किए जा रहे हैं। मोहल्लावासियों का आरोप है कि इन पीजी में न तो फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम हैं और न ही किसी प्रकार की आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध है। उनका कहना है कि यदि कोई दुर्घटना होती है तो बड़ी जनहानि हो सकती है।मोहल्ला वासियों ने दिल्ली और लखनऊमें फायर सेफ्टी के अभाव में पीजी और छात्रावासों में हुई दुखद घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे हादसों में कई विद्यार्थियों की जान जा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि समय रहते प्रशासन ने जांच और कार्रवाई नहीं की तो हनुमानगढ़ में भी ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है।ज्ञापन के माध्यम से मोहल्लावासियों ने विधायक गणेशराज बंसल एवं थानाधिकारी हनुमानगढ़ जंक्शन से मांग की कि संबंधित युवक को गिरफ्तार कर निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाए, सभी पीजी संचालकों की जांच कर उनके लाइसेंस, सुरक्षा मानकों और फायर सेफ्टी व्यवस्था का सत्यापन कराया जाए तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाकर मोहल्लावासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।इस मौके पर वार्डवासी विक्रम बंसल, अंकित गोयल, मुकेश भदरा, रेवाराम नंदा, डॉ जसवीर सिंह, मदन भदरा, विनोद महाजनी, रविंदर गुम्बर, कपिल पारीक, राजू कुलड़िया, अनिल सांखला, विवेक गोयल, हरीश गर्ग मौजूद थे।
