
योग सत्र के माध्यम से दिया स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योग और साइकिलिंग का संदेश
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के उपलक्ष में आयोजित सामाजिक सेवा सप्ताह के तहत इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की हनुमानगढ़ शाखा द्वारा ‘फिट हनुमानगढ़’ अभियान के तहत साइकिल रैली एवं योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित व्यायाम, योग और साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा। इस आयोजन में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के साथ शहर के साइकिलिंग प्रेमियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।साइकिल रैली का शुभारंभ टाउन स्थित भारत माता चौक से हुआ। रैली को जिला एवं सत्र न्यायधीश अमित कड़वासरा व अध्यक्ष सीए हर्ष जिंदल ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली चुंगी नंबर-6 एवं टिब्बी रोड से होकर आईसीएआई शाखा कार्यालय पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने फिटनेस एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों को छोटी दूरी के लिए साइकिल का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। शहरवासियों ने भी रैली का स्वागत करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।रैली के समापन के बाद शाखा कार्यालय में योगाचार्य आनंद जोशी के सानिध्य में एक घंटे का योग सत्र आयोजित किया गया। योगाचार्य ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाते हुए बताया कि नियमित योग मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने कहा कि यदि योग और साइकिलिंग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है तथा शरीर स्वस्थ एवं ऊर्जावान बना रहता है।इस अवसर पर शाखा प्रबंध समिति के अध्यक्ष सीए हर्ष जिंदल ने कहा कि सीए डे केवल पेशे का उत्सव नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का भी अवसर है। सीए डे के उपलक्ष में पूरे सप्ताह भर अलग अलग कार्यक्रम किये जा रहे है, जिससे आमजन के साथ मिलकर किया जा रहा है। जिला एवं सत्र न्यायधीश अमित कड़वासरा ने भी सभी सदस्यों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में उपाध्यक्ष सीए रमेश कुमार, सचिव सीए कमल जैन, कोषाध्यक्ष सीए रमण गर्ग, सीआईसीएएसए अध्यक्ष सीए यश संदीप मित्तल, तत्काल पूर्व अध्यक्ष सीए ललित गर्ग, साइकिलिंग संघ के कृष्ण जांगिड़, पुष्पेंद्र शेखावत, पवन सरावगी, जोधा सिंह भाटी, विनोद अग्रवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संकल्प लिया कि फिट हनुमानगढ़ अभियान के तहत भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होकर नियमित योग, व्यायाम और साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकें।
