
चूना फाटक-बिजली कॉलोनी रोड पर वार्ड-51 की समस्या बनी नासूर
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस)। जिला मुख्यालय के हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित चूना फाटक से बिजली कॉलोनी जाने वाले मुख्य मार्ग पर वार्ड नम्बर 51 में अपनी वाटिका के पास पिछले दो-तीन महीनों से सीवरेज का गंदा पानी जमा होने से स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो गया है। सडक़ किनारे लंबे समय से ठहरे इस गंदे पानी से उठ रही दुर्गंध और पनप रहे मच्छरों के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। मुख्य सडक़ के किनारे जमा गंदा पानी राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी परेशानी का कारण बन रहा है। गर्मी और उमस के बीच बदबू इतनी तेज हो जाती है कि आसपास से गुजरना भी मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गंदे पानी में लगातार मच्छरों की संख्या बढ़ रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि सीवरेज जाम की समस्या का जल्द समाधान कराया जाए, सडक़ किनारे जमा गंदे पानी की निकासी कराई जाए तथा नियमित सफाई एवं फॉगिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और संभावित बीमारियों के खतरे को टाला जा सके।
