
10 वार्डों के करीब 20 हजार लोगों को राहत देने के लिए जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जंक्शन के वार्ड नंबर 51 से 60 के नागरिकों ने चूना फाटक (रेलवे क्रॉसिंग एसपीएल/70) पर छोटा रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) बनाने की मांग को लेकर मंगलवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। नागरिकों का कहना है कि प्रस्तावित आरयूबी का बजट वापस लिए जाने से क्षेत्र के हजारों लोगों की उम्मीदों को झटका लगा है। उन्होंने बताया कि जंक्शन क्षेत्र के 10 वार्डांे की करीब 20 हजार आबादी को बाजार, अस्पताल और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए रोजाना चूना फाटक पार करना पड़ता है। टाउन और जंक्शन रोड पर स्थित प्रमुख अस्पतालों तक पहुंचने के लिए यही एकमात्र मार्ग है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी की उदासीनता के चलते चूना फाटक पर बनने वाले रेलवे अंडर ब्रिज का बजट वापस ले लिया गया। यदि यहां अंडरब्रिज का निर्माण नहीं हुआ तो वार्ड 51 से 60 के हजारों लोगों को भविष्य में भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि चूना फाटक पर 4&4 मीटर आकार का डबल बॉक्स स्मॉल (एच) श्रेणी का रेलवे अंडर ब्रिज बनाया जाए। इससे लोगों की आवाजाही सुगम हो जाएगी और इसके निर्माण के लिए किसी दुकान या अन्य निर्माण को हटाने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी। नागरिकों के अनुसार रेलवे लाइन और कचहरी रोड के बीच करीब 105 फीट स्थान उपलब्ध है। उन्होंने सुझाव दिया कि अंडरब्रिज को ऊपर से कवर कर उसके ऊपर 10&15 फीट आकार की 20 दुकानों का निर्माण किया जा सकता है। यदि कोई व्यक्ति प्रभावित होता है तो उसे प्रशासन की ओर से इन दुकानों का आवंटन किया जा सकता है। नागरिकों ने यह भी कहा कि अंडरब्रिज के बीच में डिवाइडर बनाया जाए, ताकि दोनों दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों के बीच ओवरटेक और टक्कर जैसी दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। वार्ड 51 से 60 के नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि चूना फाटक पर प्रस्तावित स्मॉल (एच) डबल बॉक्स रेलवे अंडर ब्रिज को पुन: स्वीकृत कराकर शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्र की करीब 20 हजार आबादी को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
