
संविधान के तहत लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जिलाध्यक्ष चुनने का लिया संकल्प
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जंक्शन स्थित श्री कुम्हार धर्मशाला में मंगलवार को कुम्हार समाज के युवाओं की पहल पर समाज के प्रबुद्धजनों, वरिष्ठजनों एवं युवाओं का स्नेह मिलन एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, युवाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने तथा समाज को एकजुट करने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता समाज के वरिष्ठ सदस्य मनीराम कारगवाल ने की। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए युवाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में लाना आवश्यक है। उन्होंने समाज के सभी वर्गांे से आपसी सहयोग, एकता और संगठन को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। सुरेंद्र मारवाल ने कहा कि वर्तमान समय में राजनीतिक प्रतिनिधित्व किसी भी समाज की आवाज को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए कुम्हार समाज के युवाओं को सामाजिक कार्यों के साथ-साथ राजनीतिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। इस दौरान सर्वसम्मति से एक कार्यकारी समिति के गठन का निर्णय लिया गया। समिति समाज के संविधान के अनुरूप लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान कराकर जिलाध्यक्ष के निर्वाचन की रूपरेखा तैयार करेगी। बैठक में यह भी तय किया गया कि आने वाले समय में समाज का जिलाध्यक्ष पूरी तरह संविधान एवं मतदान प्रक्रिया के माध्यम से चुना जाएगा, ताकि प्रत्येक सदस्य को अपनी राय रखने और नेतृत्व चयन में भागीदारी का अवसर मिल सके। बैठक में रामलाल किरोड़ीवाल, पवन सिंहमार, संदीप घोड़ेला, वीरेंद्र वर्मा, सोहनलाल वर्मा, अंतराम कुचेरिया, रणजीत दुहारिया, मनोहरलाल गेदर, रामस्वरूप सिंहमार, श्रवण भाटीवाल, बलराम भाटीवाल, राधेश्याम टाक, महेंद्र सिंह, गणेशाराम दादरवाल, ओमप्रकाश जलंधरा, नरेश नोखवाल सहित समाज के कई अन्य नागरिक मौजूद रहे।
