
संगठन को मजबूत बनाने और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा का दिलाया संकल्प
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को आयोजित सम्मान समारोह में भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का कांग्रेस नेताओं ने साफा पहनाकर अभिनंदन किया। समारोह में संगठन को मजबूत बनाने तथा मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर, ओबीसी विभाग के प्रदेश कोऑर्डिनेटर गुरदीप चहल, प्रदेश महासचिव रविंद्र बेनीवाल सहित अन्य नेताओं ने इंटक के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह, कार्यकारिणी सदस्य कलवंत गिल, जिला महामंत्री अनिल दुबे, सेवादल इंटक यूथ जिलाध्यक्ष हंसराज पंवार, हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर इकाई के महामंत्री अशोक कुमार का साफा पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया। इस मौके पर मनीष मक्कासर ने कहा कि इंटक देश के सबसे पुराने और मजबूत श्रमिक संगठनों में से एक है, जिसने हमेशा मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से श्रमिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने का आह्वान किया। गुरदीप चहल ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक ताकत उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता और एकजुटता में होती है। उन्होंने पदाधिकारियों से गांव-गांव और औद्योगिक क्षेत्रों तक संगठन का विस्तार कर श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करने का आग्रह किया। रविंद्र बेनीवाल ने कहा कि मजदूर समाज की रीढ़ हैं और उनके अधिकारों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने इंटक से सामाजिक सुरक्षा और श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र मजदूर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यकारिणी सदस्य कलवंत गिल ने कहा कि इंटक भविष्य में भी श्रमिकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान सभी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह में लियाकत अली, राजेन्द्र मीणा, सुखप्रीत, अमित पुरी, चमकौर सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
