
जिला कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय बालिका के साथ कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि इस गंभीर प्रकरण ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और आमजन में गहरा आक्रोश व्याप्त है।ज्ञापन में बताया गया कि श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर हाल ही में 13 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां द्वारा महिला थाना, श्रीगंगानगर में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार एक रिक्शा चालक कथित रूप से बच्ची को शहर के कुछ होटलों में ले गया, जहां उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि जांच में ये आरोप सही पाए जाते हैं तो यह अत्यंत गंभीर और मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है।जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि किसी भी मासूम बच्ची के साथ इस प्रकार की घटना पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।ज्ञापन में कहा गया कि शहर के होटलों में इस प्रकार की घटना होना कानून-व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है।

कांग्रेस ने मांग की कि मामले की गहन जांच कर दोषी व्यक्तियों के साथ-साथ जांच में यदि किसी होटल संचालक, रिक्शा चालक अथवा संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि मामले की जांच में तेजी लाई जाए, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी सजा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा ऐसे जघन्य अपराधों के प्रति किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग दोहराते हुए कहा कि यदि दोषियों के विरुद्ध समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष गुरदीप चहल, प्रवक्ता मोहनलाल इंदलिया, विनोद जाखड़, सचिव तनवीर अहमद, अग्रिम संठन जिलाध्यक्ष विजय गोंद, महिला जिलाध्यक्ष सुलोचना बावरी, ओबीसी प्रदेश महामंत्री रविन्द्र बेनीवाल, गुरलाल मान, रामचन्द्र चौधरी, गुरप्रीत सरपंच, यश चिलाना, बंशीलाल, जयवीर बाना, नानक टांटिया, रामनिवास वर्मा, आरिफ खान, नाथी बाई, मदीना बाई, साजिद खान, रिछपाल मान, ओमप्रकाश कूकणा, संदीप सहारण, चंद मोगा, रेखा राजपूत व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
