
खबर का असर: सीवर लीकेज की खबर के बाद हरकत में आया नगर परिषद प्रशासन, शुरू कराई सीवर लाइन की सफाई
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) अपनी वाटिका पार्क के पास पिछले करीब डेढ़-दो वर्षों से बनी सीवर लीकेज की समस्या को लेकर प्रकाशित समाचार का असर दिखाई दिया। खबर प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और कर्मचारियों को मौके पर भेजकर सीवर लाइन की सफाई का कार्य शुरू कराया।
उल्लेखनीय है कि अपनी वाटिका पार्क के पास स्थित चार सीवर चैम्बरों से लंबे समय से लगातार गंदा पानी रिस रहा था। इसके चलते सड़क पर गंदे पानी का जमाव हो गया था और क्षेत्र में दुर्गंध का माहौल बना हुआ था। राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास रहने वाले लोगों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो गई थी तथा स्थानीय लोगों ने संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी जताई थी।
भटनेर एक्सप्रेस में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और सीवर लाइन की सफाई शुरू कराई। सफाई कार्य से जाम की स्थिति को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे गंदे पानी की निकासी में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, समस्या की मुख्य वजह बने क्षतिग्रस्त सीवर चैम्बर अब भी जस के तस हैं। इन चैम्बरों की मरम्मत का कार्य अभी शुरू नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल सफाई से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। जब तक क्षतिग्रस्त चैम्बरों की मरम्मत या उनका पुनर्निर्माण नहीं कराया जाएगा, तब तक सीवर लीकेज की समस्या दोबारा उत्पन्न होती रहेगी।
क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि सफाई अभियान के साथ-साथ क्षतिग्रस्त सीवर चैम्बरों की भी जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके और लोगों को गंदगी, दुर्गंध तथा संभावित बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके।

