
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. भारत भूषण शर्मा व विप्र फाउंडेशन के संगठन महामंत्री महेश शर्मा का भी किया सम्मान
हनुमानगढ़। ब्राह्मण समाज की ओर से रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम में विप्र फाउंडेशन में कालूराम शर्मा को पुनः महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर समाज के गणमान्य लोगों ने उन्हें साफा एवं माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन समाजहित के कार्यों को नई गति देगा।
कार्यक्रम में डॉ एमपी शर्मा ने कहा कि विप्र फाउंडेशन लंबे समय से सामाजिक समरसता, शिक्षा, संस्कार एवं समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। कालूराम शर्मा को दोबारा दायित्व मिलना उनके सामाजिक कार्यों, संगठन के प्रति समर्पण और सक्रियता का सम्मान है। उन्होंने आशा जताई कि वे भविष्य में भी समाज के हितों की रक्षा करते हुए युवाओं को संगठन से जोड़ने और समाज को संगठित करने का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. भारत भूषण शर्मा तथा विप्र फाउंडेशन के संगठन महामंत्री महेश शर्मा के नियुक्त होने पर भी ब्राह्मण समाज की ओर से उनका अभिनंदन किया गया। समाज के प्रतिनिधियों ने दोनों पदाधिकारियों को साफा पहनाकर एवं पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
आयोजन समिति सदस्य राज तिवाड़ी ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय और योग्य व्यक्तियों को महत्वपूर्ण दायित्व मिलना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। ऐसे पदों पर समाज के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से संगठन मजबूत होगा तथा सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज में एकता, संगठन और सामाजिक समरसता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि समाज की शक्ति उसके संगठन में निहित है और सभी को मिलकर समाज तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर आशीष पारीक, प्रदीप तिवाड़ी, मनोज सारस्वत, भगीरथ सारस्वत, बलदेव सारस्वत, देवीलाल सारस्वत, हिमांशु महर्षि, जसवीर शर्मा, महावीर शर्मा, लालचंद शर्मा सहित ब्राह्मण समाज के अनेक वरिष्ठजन, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा प्रतिनिधि एवं विप्र फाउंडेशन से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी सम्मानित पदाधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना तथा समाज के उत्थान के संकल्प के साथ हुआ। मंच का संचालन अनुज शर्मा ने किया।
