
7 दिन में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) के बैनर तले मंगलवार को चर्च कॉलोनी (चक 1 एसटीजी) के निवासियों ने पेयजल समस्या को लेकर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर चर्च कॉलोनी में सुचारू पेयजल आपूर्ति तत्काल बहाल करने की मांग की गई। डीवाईएफआई के वेद मक्कासर ने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले चक 1 एसटीजी (चर्च कॉलोनी) के करीब 70 परिवारों को पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए सरकारी खर्च से नई पाइपलाइन बिछाई गई थी। इसके बाद जलदाय विभाग और नगर परिषद की ओर से नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति भी की जा रही थी। अब नगर परिषद प्रशासन ‘कॉलोनी कवर्ड नहीं है’ का तर्क देकर जलापूर्ति बंद किए हुए है, जिससे क्षेत्र के दर्जनों परिवार पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कॉलोनी नियमों के तहत शामिल नहीं थी तो चुनाव से पहले पाइपलाइन बिछाकर पानी की आपूर्ति क्यों शुरू की गई। वेद मक्कासर ने कहा कि एक ओर राज्य सरकार प्रदेश के अंतिम छोर तक पेयजल सहित बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय प्रशासन आम लोगों को मूलभूत सुविधा से वंचित कर रहा है, जो जनहित के विपरीत है। डीवाईएफआई ने विभाग को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में चर्च कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं की गई तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा। संगठन ने विभाग से जनहित को ध्यान में रखते हुए समस्या का शीघ्र समाधान कर क्षेत्रवासियों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। इस मौके पर चन्द्रकला, रोशनी, रमनदीप कौर, बबलदीप कौर, अंजली, सुनील, रेखा, सर्वजीत कौर, सरस्वती, सावित्री, रमना, सरोज, बनारसी सहित कई कॉलोनीवासी मौजूद थे।
