
दिल्ली की प्रसिद्ध शिकंजी रेहडिय़ों का भी किया निरीक्षण, स्वच्छता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के दिए निर्देश
हनुमानगढ़। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान सरकार, जयपुर डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत मंगलवार को जिला मुख्यालय पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुदेश कुमार गर्ग के नेतृत्व में खाद्य प्रतिष्ठानों एवं रेहड़ी संचालकों का सघन निरीक्षण किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि मंगलवार को निरीक्षण के दौरान जिला मुख्यालय पर संचालित दिल्ली की प्रसिद्ध शिकंजी रेहडिय़ों की जांच की गई। टीम ने शिकंजी बनाने में उपयोग की जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं साफ-सफाई का निरीक्षण किया तथा संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान बाजार क्षेत्र में हरियाणा के श्री बालाजी मिल्क सेंटर, बट्टू (फतेहाबाद) द्वारा स्थानीय डेयरियों में आपूर्ति के लिए लाए जा रहे परिवहन वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन में मिले संदिग्ध पनीर का नमूना लेकर परीक्षण हेतु जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, बीकानेर भेजा गया। साथ ही जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक संबंधित फर्म को जिले में पनीर की आपूर्ति नहीं करने के निर्देश दिए गए। इसी अभियान के तहत अल्फा सिटी स्थित श्री विनायक डेयरी से भी दूध का नमूना लेकर जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, बीकानेर भेजा गया है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
