
बिजली नहीं होने से सीसीटीवी तक नहीं लग सके, चौकीदार भी परेशान
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) करोड़ों रुपए की लागत से नवां बाइपास पर तैयार की गई आधुनिक नई सब्जी मंडी आज भी बिजली कनेक्शन और दुकानों के आवंटन का इंतजार कर रही है। करीब एक दशक पहले निर्मित इस मंडी में अधिकांश निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद बिजली नहीं होने से पूरा परिसर अंधेरे में डूबा हुआ है। इससे न केवल मंडी की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि व्यापारियों में भी भारी नाराजगी है। गुरुवार को सब्जी मंडी होलसेल (आढ़तिया) यूनियन के बैनर तले व्यापारियों ने जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता से मुलाकात कर शीघ्र बिजली कनेक्शन जारी करने की मांग की। सब्जी मंडी होलसेल यूनियन के अध्यक्ष रतीराम शाक्य ने बताया कि जंक्शन स्थित पुरानी सब्जी मंडी में वर्षांे से जगह की कमी, जाम और गंदगी की समस्या बनी हुई है। इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए नवां बाइपास पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई सब्जी मंडी का निर्माण कराया गया था। मंडी में दुकानें, कार्यालय भवन, शौचालय सहित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं तैयार हैं, लेकिन बिजली कनेक्शन नहीं होने और दुकानों का आवंटन लंबित रहने के कारण यह करोड़ों रुपये की सरकारी संपत्ति उपयोग में नहीं आ पा रही है। उन्होंने बताया कि मंडी भवन का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और केवल विद्युत कनेक्शन का कार्य शेष है। इसके लिए कृषि उपज मंडी समिति करीब छह माह पहले बिजली विभाग को पत्र भी भेज चुकी है। इसके बावजूद अब तक कनेक्शन जारी नहीं किया गया। यूनियन पदाधिकारियों ने सहायक अभियंता से मुलाकात कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
बिजली नहीं, इसलिए नहीं लग पाए सीसीटीवी
आढ़ती ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि बिजली के अभाव में नई मंडी में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगाए जा सके हैं। इसका फायदा उठाकर अज्ञात चोर मंडी परिसर में लगे उपकरण और अन्य सामान चोरी कर चुके हैं। सुरक्षा के लिए दो चौकीदार तैनात किए गए हैं, लेकिन बिजली नहीं होने से उन्हें भी भीषण गर्मी और अंधेरे में ड्यूटी करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि मंडी के लिए आठ किलोवाट बिजली कनेक्शन का आवेदन भी किया जा चुका है और विभाग की ओर से बताई गई सभी औपचारिकताएं पूरी कर दी गई हैं। इसके बावजूद कभी हैंडओवर प्रक्रिया तो कभी मार्केटिंग बोर्ड की प्रक्रिया का हवाला देकर कनेक्शन जारी नहीं किया जा रहा। व्यापारियों ने बताया कि कृषि उपज मंडी समिति के अधिकारियों ने दीपावली से पहले नई मंडी में दुकानों का आवंटन करने का आश्वासन दिया है। हालांकि यदि समय रहते बिजली कनेक्शन जारी नहीं हुआ तो मंडी का संचालन शुरू करना संभव नहीं होगा।
2009 की दरों पर दुकानों के आवंटन की मांग
यूनियन अध्यक्ष रतीराम शाक्य ने कृषि उपज मंडी समिति के सचिव से मांग की है कि मंडी समिति स्वयं आवश्यक सिक्योरिटी राशि और अन्य शुल्क जमा कराकर जल्द बिजली कनेक्शन दिलाए। साथ ही वर्ष 2009 में निर्धारित दरों के अनुसार सभी पात्र व्यापारियों को दुकानें आवंटित कर नई मंडी में शीघ्र शिफ्टिंग करवाई जाए, ताकि शहर को जाम की समस्या से राहत मिले और करोड़ों रुपये की सरकारी संपत्ति सुरक्षित रह सके। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली कनेक्शन जारी कर दुकानों का आवंटन नहीं किया गया तो वे आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान मनमिन्द्र सिंह, सतपाल छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
