
अष्टमी पर होगा कंजक पूजन, श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
हनुमानगढ़। टाउन स्थित फाटक गौशाला में चल रहे गुप्त नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रामायण नवप्राण पाठ का क्रम निरंतर जारी रहा। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में उपस्थित होकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा समाज और राष्ट्र के मंगल की कामना की। धार्मिक आयोजन के दौरान गौशाला परिसर माता के जयकारों, भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार से भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ माता रानी का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा रामायण नवप्राण पाठ में सहभागिता निभाकर धर्मलाभ अर्जित किया। इस अवसर पर श्यामलाल सेतिया, मुरलीधर गर्ग, सरला गर्ग, ललित गोयल, आयुष ग्रोवर, नरेंद्र कुमार, भवानी शंकर, हरिराम पारीक, कामना सेतिया, रवि पारीक, कोमल पारीक, राजेंद्र सिंह राजपुरोहित, वैजयंती कंवर, मीरा पारीक, संतोष पारीक तथा रविशा पारीक ने विधिवत माता रानी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं ने प्रदेश और देश में खुशहाली तथा जनकल्याण की भी कामना की। फाटक गौशाला समिति ने बताया कि गुप्त नवरात्रि के अवसर पर प्रतिदिन विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं। समिति के अनुसार बुधवार को अष्टमी के पावन अवसर पर फाटक गौशाला में कंजक पूजन का विशेष आयोजन किया जाएगा। इस दौरान कन्याओं का पूजन कर उन्हें प्रसाद एवं उपहार भेंट किए जाएंगे। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अष्टमी के पावन पर्व पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में भाग लेने और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।
