
विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और आमजन को जागरूक करने का लिया संकल्प
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद हनुमानगढ़ की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्त हनुमानगढ़ अभियान के तहत बुधवार को जंक्शन स्थित केंद्रीय विद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाते हुए नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर गंभीर प्रभाव डालता है। युवा पीढ़ी देश का भविष्य है, इसलिए युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशे का सेवन नहीं करने, नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।
राष्ट्रीय युवक परिषद के प्रचार सचिव विनोद प्रजापत एवं सुनील प्रजापत ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग के लिए विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाने के साथ समाज में नशा मुक्ति के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। परिषद की ओर से आने वाले दिनों में भी विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
