
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित सर्किट हाउस में राष्ट्रीय युवक परिषद की बैठक जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में परिषद की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए गांव किशनपुरा दिखनादा के लिए गणेश मेघवाल को ग्रामीण अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं रामकुमार चारण को उपाध्यक्ष, सुदेश मेघवाल को महासचिव तथा सुखचैन सिंह भुल्लर को सचिव का दायित्व सौंपा गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का राष्ट्रीय युवक परिषद के सदस्यों द्वारा माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवा राष्ट्रीय युवक परिषद के कार्यों एवं नीतियों से प्रभावित होकर संगठन से जुड़ रहे हैं। इसी क्रम में गणेश मेघवाल को किशनपुरा दिखनादा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए समाजहित के कार्यों को गति देना है। जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि गणेश मेघवाल राजनीतिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि से जुड़े हुए हैं। उनके पिता तानाराम वर्तमान में गांव के सरपंच हैं। गणेश मेघवाल समाजसेवी एवं मिलनसार व्यक्तित्व के धनी हैं और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में गांव में परिषद की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी। नवनियुक्त ग्रामीण अध्यक्ष गणेश मेघवाल ने परिषद के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही गांव स्तर पर राष्ट्रीय युवक परिषद का विस्तार किया जाएगा तथा युवाओं को संगठन से जोड़ते हुए 50 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को ग्रामीण स्तर तक मजबूत बनाने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
