
हनुमानगढ़। जिला माहेश्वरी सभा के निर्देशानुसार हनुमानगढ़ टाउन माहेश्वरी सेवा समिति (रजि.) की नवीन कार्यकारिणी के चुनाव मतपत्र के माध्यम से माहेश्वरी सेवा समिति के सानिध्य में करवाए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को अध्यक्ष एवं सचिव पद के लिए प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। नामांकन प्रक्रिया के दौरान समाज के प्रतिनिधि, पदाधिकारी, प्रत्याशी, प्रस्तावक एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।
अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशियों दीनदयाल मालपानी, धीरज पेड़ीवाल एवं कैलाशनारायण राठी ने नामांकन दाखिल किया। वहीं सचिव पद के लिए रविन्द्र लखोटिया एवं कमलेश झंवर ने अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशी होने से चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति बन गई है, जबकि सचिव पद पर दो प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी के रूप में एडवोकेट मदन पारीक को नियुक्त किया गया है। सह अधिकारी चन्द्र कैलाश स्वामी की मौजूदगी में श्री माहेश्वरी भवन में प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए। चुनाव प्रक्रिया को लेकर समाजबंधुओं में उत्साह देखा गया।
समाज प्रतिनिधि सुरेन्द्र कुमार जाजू एवं अश्वनी कुमार राठी, कार्यवाहक माहेश्वरी सेवा समिति अध्यक्ष श्री कृष्ण चाण्डक, समिति सचिव विजय सिगची सहित चुनाव में भाग ले रहे प्रत्याशी, उनके प्रस्तावक तथा समाज के अनेक बंधु उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया को निर्धारित नियमों एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाने की बात कही।
माहेश्वरी सेवा समिति के कार्यवाहक सचिव विजय सिगची ने बताया कि नवीन कार्यकारिणी के चुनाव के लिए मतदान 16 अगस्त 2026, रविवार को सुबह 10:15 बजे से दोपहर 3:15 बजे तक श्री माहेश्वरी भवन में होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना की जाएगी तथा चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
समाजबंधुओं ने चुनाव में अधिक से अधिक सहभागिता करते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।
