
खड़गे के अपमान के विरोध में कांग्रेसजनों ने निकाला रोष मार्च, अंबेडकर चौक पर किया सत्याग्रह
हनुमानगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार हल्द्वानी की घटना एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ की ओर से शुक्रवार को विशाल रोष मार्च एवं सत्याग्रह का आयोजन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय हनुमानगढ़ जंक्शन से शुरू हुआ मार्च मुख्य मार्गों से होता हुआ डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पहुंचा, जहां कांग्रेसजनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सत्याग्रह किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की मांग उठाई।
मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता तथा विभिन्न ब्लॉक एवं मंडल स्तर के कांग्रेसजन शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर हल्द्वानी की घटना का विरोध जताया तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी की घटना को लेकर कांग्रेसजनों में रोष है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे वरिष्ठ नेता के अपमान को कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास जनहित और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के संघर्ष का रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज करवाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और कांग्रेस इसी अधिकार के तहत शांतिपूर्ण सत्याग्रह कर रही है।
नोहर विधायक अमित चाचाण ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी प्रकार के अन्याय और लोकतांत्रिक संस्थाओं के अपमान के खिलाफ मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के साथ आमजन के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी समय में भी एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की।
पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनके अधिकारों और समस्याओं की आवाज उठाते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान के विरोध में आज का प्रदर्शन कांग्रेसजनों की एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
प्रदर्शन में पूर्व जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पीसीसी एवं एआईसीसी सदस्य, पूर्व जनप्रतिनिधि, जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। जिला कांग्रेस कार्यालय से अंबेडकर चौक तक निकाले गए रोष मार्च के बाद कांग्रेसजनों ने सत्याग्रह कर विरोध दर्ज करवाया। आयोजन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी दिनों में जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

