सावन के लोकगीतों पर थिरकीं महिलाएं, झूला उत्सव बना आकर्षण का केंद्र समाज को एकजुट व संस्कारवान बनाने पर दिया गया जोर

हनुमानगढ़ टाउन, स्थित टाउन जंक्शन रोड पर भटनेर महर्षि गौतम सेवा समिति (गुर्जर गौड़ ब्राह्मण महिला संगठन ) के तत्वावधान में गौतम आश्रम भवन में हरियाली महोत्सव का बेहद भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। सावन माह की फुहारों और प्रकृति के इस उल्लासपूर्ण पर्व में मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस गरिमामय कार्यक्रम का विधिवत आगाज महिला मंडल की जिलाध्यक्ष सुशीला जोशी (बाला) व सीमा गील, कृष्णा जाजड़ा, शारदा उपाध्याय, ममता लमानी, अर्चना जोशी, मंजू बच्छ, द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात सुमधुर गणेश वंदना प्रस्तुत की गई, जिस पर महिलाओं ने मनमोहक नृत्य कर पूरे वातावरण को भक्तिमय व आनंदित कर दिया।कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति और सावन की मनमोहक छटा देखते ही बन रही थी। महिलाओं ने पारंपरिक और राजस्थानी लोकगीतों पर अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। इस दौरान आयोजित बिंदी प्रतियोगिता् में महिलाओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। श्रावण मास के उपलक्ष्य में विशेष रूप से सजाया गया झूला उत्सव् इस पूरे आयोजन के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा, जहां महिलाओं ने सावन के मल्हार गाते हुए झूला झूलने का जमकर लुत्फ उठाया। इस खास मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुशीला जोशी (बाला) ने कहा कि समाज को सुसंगठित, सशक्त और संस्कारवान बनाए रखने के लिए इस प्रकार के सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों का निरंतर होना अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने वर्तमान भागदौड़ भरे समय में समाज में पनप रहे एकाकीपन, दूरियों और पारिवारिक बिखराव पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज के दौर में समाज के सभी सदस्यों को आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ मिलजुल कर रहना चाहिए, जिससे एक मजबूत समाज का निर्माण हो सके। कार्यक्रम के शानदार मंच संचालन की जिम्मेदारी डॉ. अनुप्रिया व्यास ने बखूबी निभाई।इस भव्य अवसर पर निर्णायक मण्डल में भारती उपाध्याय,माया गील, सुमन शर्मा, और मूर्ति पाईवाल ने प्रतियोगिता में अपना निर्णय देते हुए नृत्य में प्रथम स्थान पर अर्चना लमानी,द्वितीय स्थान पर पिन्कल उपाध्याय व तृतीय सुनिता जोशी घोषित किया, इसी प्रकार बिन्दी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर सुशीला जाजड़ा,द्वितीय स्थान पर सुशीला सांखी व तृतीय स्थान स्वीता बच्छ ने प्राप्त किया, इसी प्रकार चोटी के लम्बे बॉल प्रतियोगिता हुई जिसमें प्रथम इन्दूप्रभा लमानी,द्वितीय स्वीता उपाध्याय व तृतीय सन्जू उपाध्याय नंे प्राप्त किया । इस मौके पर लक्ष्मी लमानी,सुशीला गील,राममेती सांखी सहित अन्य वृद्वोजन महिला का सममान किया गया । इस मौके पर समाज की सैकड़ों गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंतिम चरण में भटनेर महर्षि गौतम सेवा समिति द्वारा नृत्य, बिंदी एवं अन्य रोचक प्रतियोगिताओं की विजेता महिलाओं को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही, आयोजन में शामिल सभी महिलाओं को सम्मान व स्नेह स्वरूप लाल चुनरी और श्रृंगार की सामग्री उपहार में प्रदान की गई। अंत में सभी महिलाओं ने सावन के झूलों का आनंद लिया और सुरुचिपूर्ण अल्पाहार के साथ इस यादगार हरियाली महोत्सव का हर्षाेल्लास के साथ समापन हुआ।

