बिना पूर्व सूचना लगाए गए मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग, समाधान नहीं होने पर धरने की चेतावनी,

हनुमानगढ़। 20 एचएमएच रामसरा नारायण के ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की ओर से लगाए गए स्मार्ट मीटरों को हटाकर पुराने मीटर पुनः लगाने की मांग को लेकर जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, हनुमानगढ़ टाउन के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई विद्युत कनेक्शनों पर बिना पूर्व सूचना दिए स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं।
ग्रामीण जसकरण सिंह फौजी ने बताया कि गांव में कई उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मीटर लगाने से पहले उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई। स्मार्ट मीटरों को लेकर ग्रामीणों के मन में कई तरह की आशंकाएं हैं और उन्हें संभावित आर्थिक नुकसान की चिंता भी है।
ग्रामीणों ने मांग की कि लगाए गए स्मार्ट मीटरों को हटाकर पूर्व में लगे मीटर वापस लगाए जाएं। साथ ही विद्युत मीटरों की आवश्यक जांच करवाकर उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान किया जाए, ताकि किसी भी उपभोक्ता को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने विभाग को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर नहीं लगाए गए तो ग्रामीण सामूहिक रूप से विभागीय कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि उनका उद्देश्य विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि अपनी आपत्तियों और समस्याओं का समाधान करवाना है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर स्थिति का जायजा लेने और ग्रामीणों की मांग पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। इस मौके पर वीरेन्द्र मेघवाल, जसकरन सिंह फौजी, विष्णु ओढ़ राजपूत, सुरेंदर ओढ़, सूरज ओढ़, रवि सिल्ला, दीपक, लाखा सिंह, बगड़ सिंह, फत्ता सिंह, वकील सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
