सीबीएसई क्लस्टर वेस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप की अंडर-14 श्रेणी में हासिल किया प्रथम स्थान

हनुमानगढ़ टाउन, के नजदीक करतारपुर कॉलोनी स्थित टाइम्स पब्लिक स्कूल के प्रतिभाशाली छात्र मयंक विजय ने सीबीएसई क्लस्टर वेस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप की अंडर-14 श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिता फतेहपुर शेखावाटी, सीकर स्थित विनायक इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मयंक विजय ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया। मयंक विजय पुत्र इमीलाल की इस उपलब्धि से टाइम्स पब्लिक स्कूल परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। विद्यालय के चेयरमैन सागरमल लड्ढा, डायरेक्टर गोपाल लड्ढा, कपिल लड्ढा एवं प्रधानाचार्या नेहा शर्मा ने मयंक विजय को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक रियासत अली ने मयंक की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उसके कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास और सही मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने मयंक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुरूप खेल एवं अन्य गतिविधियों में आगे बढऩे के अवसर दिए जाते हैं। मयंक की उपलब्धि ने विद्यालय के साथ-साथ उसके परिवार का भी गौरव बढ़ाया है।
