ध्वजारोहण के साथ मेले का शुभारंभ, देशभर से पहुंचने लगे श्रद्धालु; 40 लाख से अधिक लोगों के आने का अनुमान


भादरा/गोगामेड़ी। उत्तर भारत के प्रसिद्ध लोकदेवता गोगाजी के गोगामेड़ी मेले का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। ध्वजारोहण के साथ शुरू हुए मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है। गोगाजी के दर्शन और मनौती के लिए राजस्थान सहित हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत कई राज्यों से श्रद्धालु गोगामेड़ी पहुंच रहे हैं। मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इस बार करीब 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई है, वहीं मेला क्षेत्र में निगरानी के लिए 255 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं
मेला क्षेत्र में करीब 650 दुकानों का आवंटन किया गया है। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बड़े डोम लगाए जा रहे हैं। दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को कतार से बाहर नहीं निकलना पड़े, इसके लिए बैरिकेडिंग के भीतर प्रसाद एवं आवश्यक सामग्री की दुकानें भी स्थापित की गई हैं। प्रशासन ने पेयजल, बिजली, सफाई, यातायात, पार्किंग और चिकित्सा जैसी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।
पशु मेला भी रहेगा आकर्षण
गोगामेड़ी मेले के साथ आयोजित होने वाला पशु मेला भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसमें विभिन्न राज्यों से पशुपालकों के पहुंचने की संभावना है। मेले के अंतिम चरण में पशुओं से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने भी बढ़ाई तैयारी
मेले में आने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने कई मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है। इनमें सादुलपुर-गोगामेड़ी और रेवाड़ी-गोगामेड़ी के बीच विशेष रेल सेवाएं शामिल हैं। हनुमानगढ़-सादुलपुर के बीच भी मेला स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी।
आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति का यह विशाल आयोजन करीब एक माह तक गोगामेड़ी में श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करेगा।

