
जयपुर। राजस्थान में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है। मौसम में बदलाव के साथ प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में राज्य के और हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। 23 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में तेज धूप का असर देखने को मिल सकता है। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, सीकर और आसपास के क्षेत्रों में फिलहाल बड़े स्तर पर बारिश की संभावना कम है।
40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
मानसून की कमजोर होती गतिविधियों के बीच प्रदेश में दिन का तापमान बढ़ने लगा है। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में आने वाले दिनों में तेज धूप और गर्मी का असर बढ़ सकता है।
24-25 सितंबर को कहां हो सकती है बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 सितंबर को राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम सूखा रहने की संभावना है। हालांकि कोटा, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले कई दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम में यह बदलाव मानसून की वापसी की प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है। ऐसे में आने वाले दिनों में राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश की जगह तेज धूप और बढ़ते तापमान का असर देखने को मिल सकता है।
