खेल प्रतिभा उत्कर्ष धींगड़ा का नागरिक अभिनंदन, भजन प्रस्तुतियों से भक्तिमय हुआ गौशाला परिसर

हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद की ओर से हनुमानगढ़ जंक्शन के अबोहर बाईपास स्थित श्री गोधाम गौशाला समिति परिसर में सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गोसेवा का संकल्प दोहराते हुए गोवंश के लिए 1100 किलो हरा चारा उपलब्ध कराया और अपने हाथों से गायों को चारा खिलाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने की। समारोह में डीएवी स्कूल हनुमानगढ़ टाउन के प्रिंसिपल परमजीत कुमार, यस बैंक के चीफ मैनेजर मधुसूदन शर्मा तथा जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता (XEN) जितेंद्र झांब मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
गोसेवा के साथ खेल प्रतिभा का सम्मान
कार्यक्रम में गोसेवा के साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया गया। जिले में शतरंज खेल को बढ़ावा देने और सफल जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के आयोजन में योगदान के लिए उत्कर्ष धींगड़ा का विशेष सम्मान किया गया। परिषद की ओर से उत्कर्ष धींगड़ा का स्वागत करते हुए नागरिक अभिनंदन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
सामाजिक सरोकारों के लिए कार्य करने का संकल्प
परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि राष्ट्रीय युवक परिषद गोसेवा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों, धार्मिक गतिविधियों और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से एक ओर गोवंश की सेवा की गई, वहीं दूसरी ओर खेल क्षेत्र में योगदान देने वाले युवा का सम्मान कर अन्य युवाओं को भी प्रेरित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
भजनों से गूंजा गौशाला परिसर
कार्यक्रम के दौरान शंकर सैनी एवं किशोरी जी ने मधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों की स्वर लहरियों से गौशाला परिसर का वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु और उपस्थित कार्यकर्ता भजनों पर भाव-विभोर नजर आए तथा कई लोग भक्ति में झूमते दिखाई दिए। कार्यक्रम में चरणजीत धींगड़ा, अनिल कुमार, नीरज सुखीजा, रोशन कुमार, सचिन त्यागी, परितोष कमांडो, राहुल मौर्य, ओम ईश्वर बठला, दिनेश शर्मा (अध्यक्ष, किशनपुरा दिखनादा), रामकुमार चारण, कुरड़ाराम, प्रदीप कुमार, प्रेम सिंह, गोविंद, सुनील वर्मा (अध्यक्ष, पन्नीवाली), कुलदीप सुथार, जयसिंह राठौड़, अमृतपाल सिंह बराड़, हंसराज मेघवाल, बूटा सिंह, योगेश सुथार और संजय भाट सहित राष्ट्रीय युवक परिषद के अनेक कार्यकर्ता एवं सदस्य मौजूद रहे।
