नवज्योति मूक-बधिर एवं अंध विद्यालय में काटा केक, बच्चों को बांटी मिठाई और दिए उपहार


हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का जन्मदिवस सामाजिक सरोकार के रूप में मनाया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता नवज्योति मूक-बधिर एवं अंध विद्यालय पहुंचे और विशेष बच्चों के साथ जन्मदिवस की खुशियां साझा कीं। इस दौरान बच्चों के बीच केक काटा गया, मिठाई वितरित की गई तथा उन्हें उपहार भेंट किए गए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि पार्टी की ओर से जन्मदिवस को औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय सामाजिक सेवा से जोड़ने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि विशेष जरूरत वाले बच्चों के साथ समय बिताकर उनके साथ खुशियां साझा करना कार्यक्रम का उद्देश्य रहा। मक्कासर ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदनशीलता और जरूरतमंद लोगों की मदद करना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा विशेष बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों के आत्मविश्वास और उत्साह को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रमों में भागीदारी का आह्वान
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने कहा कि जन्मदिवस जैसे अवसरों को सामाजिक सेवा एवं जनहित से जुड़े कार्यों के साथ मनाना एक पहल है। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों के साथ समय बिताने से उन्हें अपनापन महसूस होता है और समाज में भी उनके प्रति संवेदनशीलता का संदेश जाता है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विद्यालय के बच्चों से बातचीत की और उनके साथ समय बिताया। केक काटने के बाद बच्चों को मिठाई एवं उपहार वितरित किए गए। बच्चों में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह नजर आया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के जन्मदिवस पर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक सेवा, संवेदनशीलता और जरूरतमंद वर्गों के साथ खुशियां साझा करने का संदेश दिया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी, मोहनलाल इंदलिया, अनूप चौधरी, विजय गोंद, हरप्रीत ढिल्लो, गोविन्द, गुरप्रीत सिंह मान, जगदीप रंगारा, ताहिर खान, साहिल कुमार सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
