वाग्भट वेलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर और लायंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क योग शिविर शुरू, योग विशेषज्ञों ने करवाए विभिन्न अभ्यास


हनुमानगढ़, 4 अक्टूबर। वाग्भट वेलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर तथा लायंस क्लब हनुमानगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में शहरवासियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सेंट्रल पार्क, रावतसर रोड, हनुमानगढ़ टाउन में नि:शुल्क योग शिविर का शुभारंभ रविवार को हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया और योगासन, प्राणायाम सहित विभिन्न स्वास्थ्यवर्धक अभ्यास किए। वाग्भट वेलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रभावी पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और बेहतर दिनचर्या विकसित करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, अनियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। वाग्भट वेलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर का उद्देश्य योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा की उपयोगिता को आमजन तक पहुंचाना है, ताकि लोग बीमारी के बाद उपचार के साथ-साथ स्वास्थ्य संरक्षण पर भी ध्यान दें। शिविर में योग विशेषज्ञ अरविन्द सिंह रावत ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम करवाए। उन्होंने अभ्यासों को सही तरीके से करने की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में बताया। प्रतिभागियों को तनाव कम करने, शरीर में लचीलापन बनाए रखने, ऊर्जा एवं एकाग्रता बढ़ाने और मानसिक शांति के लिए योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने बताया कि शिविर में योग के साथ-साथ आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व की जानकारी भी दी जा रही है। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए सप्ताह में एक दिन आयुर्वेदिक चिकित्सक तथा एक दिन प्राकृतिक चिकित्सक द्वारा नि:शुल्क परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से शहरवासी अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। शिविर के दौरान रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिभागियों को ‘वाग्भट अमृत काढ़ा’ भी पिलाया गया। आयोजकों ने बताया कि योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा को एक साथ जोड़कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना शिविर का प्रमुख उद्देश्य है। कार्यक्रम में लायंस क्लब हनुमानगढ़ के अध्यक्ष लायन अशोक सुथार ने बताया कि आगामी दिनों में भी योग शिविर के दौरान अमृत काढ़ा वितरित किया जाएगा तथा योग के विभिन्न आयामों की जानकारी दी जाएगी। क्लब के सचिव लायन नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि लायंस क्लब की ओर से सप्ताहभर विभिन्न सेवा कार्य भी आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष दिग्विजय जुनेजा, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर भारतेंदु सैनी, वरिष्ठ लायन सुभाष वधवा, लायन प्रवीण सिंगला, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष अनिल कौशिक, वार्ड पार्षद गजेंद्र सिंह राठौड़, सेवानिवृत्त सहायक पशु चिकित्सक भंवर सिंह राठौड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं शहरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के ऑपरेशनल डायरेक्टर अनिल जिज्ञासु ने सहयोग करने वाले सभी सदस्यों, योग साधकों एवं शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।
