विजयपाल बने इकाई अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर किया स्वागत

हनुमानगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में समाजसेवा से जुड़ी गतिविधियों को और विस्तार देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय युवक परिषद की संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित सर्किट हाउस में परिषद की महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार और गांव-गांव तक सेवा कार्यों को पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई। बैठक के दौरान संगरिया ब्लॉक के गांव शेरगढ़ में राष्ट्रीय युवक परिषद की नई इकाई का गठन किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सहमति से विजयपाल को इकाई अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समाजसेवा और गौसेवा से जुड़े हैं विजयपाल
जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने नवनियुक्त अध्यक्ष विजयपाल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजयपाल लंबे समय से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी कार्य करते हुए वृक्ष मित्र के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विजयपाल के मिलनसार और हंसमुख स्वभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका गौसेवा के प्रति भी विशेष लगाव है। प्रवीण जैन ने उम्मीद जताई कि विजयपाल के नेतृत्व में शेरगढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में परिषद की सेवा गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। साथ ही संगठन को गांव स्तर पर मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।
सेवा कार्यों के विस्तार का लिया संकल्प
नवनियुक्त इकाई अध्यक्ष विजयपाल ने नई जिम्मेदारी सौंपे जाने पर जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन सहित परिषद के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि परिषद के नियमों और सेवा संकल्पों का पालन करते हुए तन-मन-धन से समाजहित में कार्य किया जाएगा। कार्यकर्ताओं के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्र में सेवा गतिविधियों को अधिक व्यापक बनाने का प्रयास रहेगा।
कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
इस अवसर पर रामकरन वर्मा, गिरिराज शर्मा, वीरेंद्र जैन, रामलाल कांवलिया, कुरड़ाराम, दिनेश शर्मा, परितोष कमांडो, साहिल गर्ग, सचिन त्यागी, सादा सिंह खोसा, किशोरी जी, विनोद प्रजापत, सुनील वर्मा सहित परिषद के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त इकाई अध्यक्ष विजयपाल का माला पहनाकर स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
