देहात ब्लॉक की बैठक में विधानसभा प्रभारी दिनेश सैनी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, पंचायत समिति सदस्य पद के दावेदारों से वन-टू-वन चर्चा कर लिए आवेदन


हनुमानगढ़। आगामी पंचायत चुनावों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देहात मंडल हनुमानगढ़ की ओर से अरिहंत पैलेस में बैठक आयोजित कर पंचायत समिति हनुमानगढ़ टाउन एवं हनुमानगढ़ जंक्शन के चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, ग्रामीण मतदाताओं से निरंतर संपर्क रखने और चुनावी रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया। साथ ही पंचायत समिति सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेसजनों से आवेदन लेकर उनकी दावेदारी पर चर्चा की गई। बैठक के मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त चुनाव समन्वयक एवं विधानसभा प्रभारी दिनेश सैनी तथा पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता देहात ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिद्धू ने की। बैठक में पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक, शहर ब्लॉक अध्यक्ष जिनेंद्र जैन ‘बेबी’, पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, पूर्व प्रधान जयदेव भीड़ासरा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गुरमीत सिंह चंदड़ा, पूर्व उपसभापति अनिल खिचड़ और पूर्व प्रधान अमर सिंह सिहाग सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वंदे मातरम् के साथ हुई बैठक की शुरुआत
बैठक की शुरुआत कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन के साथ हुई। इसके बाद पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी ने सूत की माला पहनाकर विधानसभा प्रभारी दिनेश सैनी का स्वागत किया। बैठक में वक्ताओं ने आगामी पंचायत चुनावों को लेकर संगठन की भूमिका, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर अपने विचार रखे। पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र कांग्रेस की संगठनात्मक ताकत का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखने और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता और कार्यकर्ताओं की मेहनत महत्वपूर्ण रहेगी।
बूथ स्तर पर मजबूत संगठन बनाने पर जोर
मुख्य अतिथि एवं विधानसभा प्रभारी दिनेश सैनी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चुनावों में संगठन की मजबूती और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका अहम होती है। उन्होंने महंगाई और भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर कांग्रेस के राजनीतिक रुख का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को आमजन के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए और पार्टी की बात प्रभावी ढंग से रखनी चाहिए। सैनी ने कहा कि निकाय चुनावों में जिले में कांग्रेस का प्रदर्शन उत्साहजनक रहा है। अब पंचायत चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने और चुनावी गतिविधियों की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया। उनके अनुसार, चुनावी तैयारियों में प्रत्येक कार्यकर्ता की भागीदारी संगठन को मजबूती प्रदान कर सकती है।
गांव-गांव तक पहुंचाने होंगे पार्टी के कार्यक्रम
सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने कहा कि सेवादल के कार्यकर्ता गांवों और ढाणियों तक पहुंचकर कांग्रेस की नीतियों एवं कार्यक्रमों का प्रचार करें। उन्होंने जनता के बीच संवाद बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर संगठन की गतिविधियों को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। देहात ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिद्धू ने कार्यकर्ताओं से आगामी एक माह तक पूरी सक्रियता और निष्ठा के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी समझते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करें। उन्होंने पंचायत चुनावों में पार्टी के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए आपसी तालमेल और निरंतर जनसंपर्क बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक के अंत में उन्होंने अतिथियों और उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
पंचायत समिति सदस्य पद के दावेदारों से की व्यक्तिगत चर्चा
बैठक के बाद विधानसभा प्रभारी दिनेश सैनी ने गांवों से आए पंचायत समिति सदस्य पद के इच्छुक दावेदारों से अलग-अलग वन-टू-वन चर्चा की। इस दौरान उन्होंने दावेदारों के सुझाव सुने और उनके आवेदन प्राप्त किए। पंचायत समिति हनुमानगढ़ टाउन एवं हनुमानगढ़ जंक्शन के विभिन्न क्षेत्रों से चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेसजनों को अपनी दावेदारी प्रस्तुत करने का अवसर मिला। दावेदारों के साथ हुई चर्चा में उनकी चुनावी तैयारियों और संबंधित क्षेत्रों में संगठन की स्थिति को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस प्रक्रिया को आगामी पंचायत चुनावों के लिए संभावित उम्मीदवारों के चयन और संगठनात्मक रणनीति तैयार करने की कवायद का हिस्सा माना जा रहा है।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में पीसीसी सदस्य दिनेश भादू, एससी जिलाध्यक्ष सीताराम कड़वा, पीसीसी सदस्य प्रेमराज नायक, यशवंत कड़वा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अध्यक्ष रोहित स्वामी, पर्यावरण प्रकोष्ठ अध्यक्ष भानीराम बागड़िया, यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष अनिल सिहाग, यूथ कांग्रेस जिला प्रभारी मनीष ढिल्लो, महेंद्र चतुर्वेदी, स्वर्णदीप, पुष्पेंद्र बेनीवाल, ओबीसी महासचिव सोहनलाल लदोईया, मोहनलाल इंदलिया, श्यामदेव कल्ला, सेवादल उपाध्यक्ष अनिल तिवाड़ी, महासचिव इशाक चायनान, सचिव लखविंद्र सिंह, सचिव जयपाल गोरी, राजप्रकाश रोहिल्ला, यंग बिग्रेड के अकरम, सुरेश दास, रफीक मोहम्मद और सचिव कृष्ण सांखला सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन इशाक चायनान ने किया। करणी सिंह राठौड़, बालचंद ज्याणी और ऐस मोहम्मद सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे। बैठक का समापन सेवादल कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रगान के साथ हुआ।
