बीकानेर में आयोजित शिविर में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, प्राथमिक चिकित्सा और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न दक्षताओं का हो रहा परीक्षण

हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड की रोवर इकाई पीर कालम शाह ओपन रोवर क्रू पीरकामड़िया तथा रेयान कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन, जंडावाली (हनुमानगढ़) के सात रोवर स्काउट का चयन राष्ट्रपति अवॉर्ड प्रमाण पत्र जांच शिविर के लिए हुआ है। यह शिविर स्काउट एवं गाइड मंडल मुख्यालय के ट्रेनिंग सेंटर, रिड़मलसर पुरोहितान, बीकानेर में आयोजित किया जा रहा है। स्थानीय संघ सचिव पवन बजाज ने बताया कि शिविर में हनुमानगढ़ के रोवर स्काउट साहिल, अनुराग, अक्षय कुमार, विजय कुमार, इरज, सोनू और विनोद कुमार भाग ले रहे हैं। राष्ट्रपति अवॉर्ड प्रमाण पत्र की प्रक्रिया के तहत इन प्रतिभागियों की विभिन्न व्यावहारिक क्षमताओं का आकलन किया जा रहा है। हनुमानगढ़ के सीओ स्काउट भारत भूषण ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य रोवर-रेंजर की व्यावहारिक दक्षताओं, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सेवाभाव का परीक्षण करना है। इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर की टीम जांच कर रही है, ताकि निर्धारित मानकों के आधार पर प्रतिभागियों की योग्यता का मूल्यांकन किया जा सके। शिविर में करौली के सीओ स्काउट अनिल गुप्ता शिविर संचालक की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, चूरू के सीओ स्काउट महिपाल सिंह तंवर सहायक शिविर संचालक हैं तथा झुंझुनूं के सीओ स्काउट महेश कालावत प्रतिभागियों की दक्षताओं का परीक्षण कर रहे हैं। राष्ट्रपति अवॉर्ड परीक्षा के लिए राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली की ओर से अलग से मुख्य परीक्षक और सह-परीक्षक नियुक्त किए गए हैं।
व्यावहारिक दक्षताओं का हो रहा परीक्षण
जांच शिविर के दौरान प्रतिभागियों की प्राथमिक चिकित्सा, आपदा प्रबंधन, गांठ एवं रस्सी कार्य, पायनियरिंग, दिशा ज्ञान, अग्नि सुरक्षा और हाइकिंग जैसी महत्वपूर्ण दक्षताओं को परखा जा रहा है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, समाजसेवा और सामाजिक कार्यों में सहभागिता को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से रोवर स्काउट की कार्यकुशलता, जिम्मेदारी निभाने की क्षमता और सेवा के प्रति समर्पण का आकलन किया जा रहा है। शिविर में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को आगे मुख्य परीक्षा सीबीटी में उत्तीर्ण होना होगा। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद राष्ट्रपति अवॉर्ड प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को दिल्ली में महामहिम राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा। हनुमानगढ़ के सात रोवर स्काउट के चयन पर सीओ स्काउट भारत भूषण, जिला प्रशिक्षण आयुक्त मुंशी राम, क्रू अध्यक्ष सोहन गोदारा सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
