मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की झांकी, डांडिया नृत्य और रामलीला के मंचन ने मोहा मन, विद्यार्थियों ने दिया बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश

हनुमानगढ़। व्यापार मंडल पब्लिक स्कूल में विजयादशमी यानी दशहरे का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक पेश की। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आकर्षक झांकी, डांडिया नृत्य और रामलीला के मंचन ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरा वातावरण जय श्रीराम के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का मनमोहक प्रस्तुतिकरण किया। वहीं, छोटे बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में आकर्षक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों की ओर से भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित रामलीला का मंचन भी किया गया। इसके माध्यम से सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने तथा बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। इस अवसर पर व्यापार मंडल समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्याण, व्यापार मंडल पीजी गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्या नीलम गौड़, व्यापार मंडल गर्ल्स स्कूल की प्राचार्या संजू गाड़िया तथा व्यापार मंडल पब्लिक स्कूल की प्राचार्या किरण राठौड़ सहित शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य और विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के समापन पर व्यापार मंडल समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्याण ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और अच्छे संस्कार अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की सीख देता है। विद्यार्थियों को इस पर्व के मूल संदेश को अपने जीवन में अपनाते हुए बुराइयों से दूर रहना चाहिए। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश दिया।
