हनुमानगढ़ जिले से डॉ. मुकेश शेखावत ने कार्यक्रम में लिया हिस्सा

हनुमानगढ़। विश्व टीबी दिवस-2025 के मौके पर राजस्थान को टीबी उन्मूलन की दिशा में किए गए विशेष प्रयासों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने राजस्थान को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान में देश में तीसरे स्थान पर रहने पर राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ एवं मिशन निदेशक एनएचएम भारती दीक्षित ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। जिला हनुमानगढ़ से जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मुकेश शेखावत ने कार्यक्रम में लिया हिस्सा। ज्ञात रहे कि हनुमानगढ़ की 109 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त हो चुकी हैं। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने राजस्थान में टीबी उन्मूलन की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ किए जा रहे प्रयासों एवं उपलब्धियों को सराहा। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान और टीबी मुक्त ग्राम पंचायत जैसी महत्वपूर्ण पहल को साकार रूप देने में राजस्थान ने उल्लेखनीय कार्य किया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने टीबी मुक्त अभियान की दिशा में राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त इस पुरस्कार के लिए चिकित्सा विभाग की टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि विभाग आपणो स्वस्थ राजस्थान की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। हमारा प्रयास है कि राजस्थान जल्द से जल्द टीबी मुक्त हो और टीबी मुक्त भारत अभियान के निर्धारित लक्ष्य हासिल करने में राजस्थान देश का अव्वल राज्य बने। प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत वर्ष 2024 में राजस्थान की 3,355 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है, जबकि वर्ष 2023 में यह संख्या 586 थी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत राजस्थान में अब तक 19 हजार से अधिक निक्षय मित्र (समुदाय समर्थक) जोड़े जा चुके हैं। सांसदों और विधायकों की भागीदारी से अभियान को सामुदायिक स्तर पर सशक्त किया गया है। समारोह में राज्य टीबी अधिकारी डॉ. पुरूसोतम सोनी एवं टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. एसएन धौलपुरिया भी मौजूद रहे।
