कांग्रेस पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन

हनुमानगढ़। नगरपरिषद की सरकारी भूमि पर लगातार हो रहे अवैध कब्जो के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पार्षदों ने मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पूर्व उपसभापति अनिल खीचड़ के नेतृत्व में पार्षदों ने नगरपरिषद की लापरवाही पर भी सवाल उठाए। ज्ञापन में निवर्तमान पार्षद विकास पाल रांगेरा ने आरोप लगाया कि सुरेशिया क्षेत्र में नगरपरिषद की खाली पड़ी जमीन पर भूमाफिया लगातार कब्ज़ा कर रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने 17 फरवरी को नगरपरिषद आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर अवगत करवाया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। रांगेरा ने कहा कि प्रशासन की उदासीनता के कारण भूमाफियाओं के हौसले बुलंद हैं और वे बिना किसी डर के सरकारी जमीनों पर अवैध निर्माण कर रहे हैं। पार्षदों ने मांग की कि प्रशासन इस मामले की निष्पक्ष जांच कराए और भूमाफियाओं द्वारा किए गए सभी अवैध कब्जे तुरंत हटवाए जाएं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगरपरिषद के अधिकारियों की मिलीभगत के बिना इस तरह के कब्जे संभव नहीं हैं। पूर्व उपसभापति अनिल खीचड़ ने कहा कि शहर की विकास योजनाओं में बाधा डालने वाले ऐसे अवैध कब्जो को जल्द से जल्द हटाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी जन आंदोलन करने को मजबूर होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व उपसभापति अनिल खीचड़, सेवादल जिलाध्यक्ष अश्वनी पारीक, पार्षद विकास रांगेरा, सुनील लोहिया, कुलदीप, विजय अमलानी, बंशी खन्ना सहित पार्षदों ने भी नगरपरिषद की निष्क्रियता की आलोचना की और कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे से न केवल शहर का सौंदर्य बिगड़ रहा है, बल्कि विकास कार्यों में भी बाधा आ रही है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच करवाई जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
