211 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, शिक्षा और नशा मुक्ति पर जोर

हनुमानगढ़ । में राजस्थान दिवस साप्ताहिक महोत्सव के तहत शनिवार को जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव एवं युवा सम्मेलन का आयोजन हुआ। इस दौरान कोटा के दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव एवं युवा सम्मेलन का वीसी के जरिए सीधा प्रसारण किया गया।भादरा विधायक संजीव बेनीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार की सौगातें दे रही है। यह पांचवां रोजगार उत्सव मनाया जा रहा है, जिसमें 211 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया है। बेनीवाल ने कहा कि 30 मार्च को वृहद राजस्थान के गठन उपलक्ष्य में हम राजस्थान दिवस मनाते हैं, सौभाग्य से इस बार भी वही शुभ संयोग बन रहा है। इस साल से मुख्यमंत्री ने नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को ही राजस्थान दिवस मनाए जाने का अभूतपूर्व एवं लोकप्रिय फैसला लिया है।जिला कलेक्टर काना राम ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शिक्षा को लेकर बड़ी सौगात दी है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी बच्चा स्कूल और कॉलेज की शिक्षा से वंचित न रहे।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक कॉलेज और स्कूल में “नई किरण नशामुक्ति केंद्र” स्थापित करने की घोषणा की गई है, जो नशामुक्ति प्रयासों को और अधिक सशक्त बनाएगी।
जिला कलेक्टर ने कहा कि युवाओं के बेहतर रोजगार के लिए “स्किल एवं युवा नीति” जारी की गई है, जो उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में दक्षता प्रदान करेगी। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि राजकीय सेवा में आने के बाद आपका दायित्व बनता है कि आप जनता के लिए कार्य करें। यदि आप अच्छा कार्य करेंगे तो सरकार और प्रशासन की छवि और अधिक सशक्त होगी तथा मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप कार्य होगा।उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि राजकीय कार्यों के साथ-साथ हमें अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना चाहिए।उन्होंने अधिकारियों को संदेश दिया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान की गई मेहनत को भूलने की बजाय राजकीय सेवा में कार्यरत रहते हुए भी दोगुनी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
