
हनुमानगढ़। के नोहर शहर में सोती रोड पर गांव लगभग एक किमी की दूरी पर स्थित दादा टायर फैक्ट्री में आज दोपहर भीषण आग लग गई। आग से करोड़ों रुपए का नुकसान हो गया। आग पर काबू पाने के लिए नोहर के अलावा भादरा, रावतसर, पीलीबंगा, हनुमानगढ़ तथा हरियाणा के निकटवर्ती ऐलनाबाद व सिरसा से दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा। काफी संख्या में वाटर टैंकरों की भी मदद ली गई। फैक्ट्री परिसर में रखे पुराने टायरों के ढेरों को अलग करने के लिए जेसीबी मशीनों का भी उपयोग किया गया। काफी संख्या में लोग आग बुझाने के लिए जूझते रहे।शाम करीब 7:00 बजे आग पर काबू पाया जा सका जबकि दोपहर करीब 1:30 बजे आग भडकी थी। जानकारी के अनुसार फैक्ट्री परिसर में रखे हुए पुराने टायरों के अनेक घेरे में से एक देर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई,जिसने कुछ ही देर में बड़ा रूप धारण कर लिया। मौसम खराब होने तथा तेज आंधी चलने की वजह से आग बड़ी तेजी से फैलने लगी। फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों तथा नजदीकी गांव और खेतों में काम कर ही लोग भाग कर आए। सामने की मेन रोड पर जा रहे वाहनों में सवार लोग भी रुक गए।सभी मिलजुल कर आग बुझाने लगे। इस दौरान आग की बड़ी-बड़ी लपटे और काले धुएं के गुब्बार काफी उठते दिखाई दिए। आग लगने का पता चलने पर नोहर से प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। नोहर नगर पालिका की दमकल सेवा से फायर टेंडर बुलाने के साथ ही आसपास जहां भी जितने वॉटर टैंकर उपलब्ध थे, उन्हें भी मंगवा लिया गया लेकिन आग आंधी की वजह से फैलती चली गई। इस पर प्रशासन ने नजदीकी शहरों भादरा,रावतसर, पीलीबंगा और हनुमानगढ़ जिला मुख्यालयों से भी फायर टेंडर बुला लिए। यही नहीं पास में ही हरियाणा के सिरसा और ऐलनाबाद से भी दमकल वाहन मंगवाए गए। लगातार प्रयास करने पर शाम लगभग 7 बजे आग पर काबू पाया जा सका। मोटे तौर पर इस अग्निकांड में 6 से 7 करोड रुपए का नुकसान होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।यह फैक्ट्री काफी बड़ी है। इसमें पुराने टायरों को ठीक करने का काम किया जाता है।
