मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का दो दिवसीय दौरा, नहरी तंत्र का करेंगे निरीक्षण, सर्किट हाउस में किसानों से करेंगे संवाद, तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मंत्री

हनुमानगढ़ । जब सरकार जमीनी हकीकत को जानने के लिए दौरा करती है, तो यह सिर्फ विकास की योजना नहीं, भरोसे की बुनियाद भी रखती है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का यह दौरा न सिर्फ नहरों की मरम्मत , बल्कि किसान सरकार के रिश्तों की मरम्मत की भी उम्मीद लेकर आया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक दिवसीय नहरी दौरे को लेकर मंगलवार को हनुमानगढ़ आ रहे हैं। इससे पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत हनुमानगढ़ पहुंचे। सीएम के संभावित निरीक्षण स्थल इंदिरागांधी नहर पर बने लखूवाली हैड पहुंचकर रावत ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इससे पहले सीएम हाउस की टीम भी लखूवाली हैड पहुंची। लखूवाली हैड पर सीएम के कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए मंच को हटाने का निर्देश दिया। इसके बाद मंच निर्माण को लेकर लगाई गई टेबलें तत्काल हटा दी गई। सीएम सुरक्षा दल में शामिल अधिकारियों की सलाह थी कि मंच की बजाय नीचे ही सोफे व कुर्सियां लगा दी जाए। ताकि जो भी लोग मिलना चाहें, आसानी से मिल सकें। गौरतलब है कि हैड स्थल नहर की गहराई काफी अधिक है। सुरक्षा दृष्टि से कार्यस्थल के चारों तरफ मजबूत बेरिकेटिंग करने का निर्देश दिया। इसके अलावा आवागमन के लिए आने व जाने के लिए अलग-अलग रास्ता बनाने की बात कही। इसी तरह सीएम सुरक्षा दल व जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने लखूवाली हैड, घग्घर नदी और डायवर्जन कैनाल का निरीक्षण किया । प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा, हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल, जिला कलेक्टर कानाराम, एसपी अरशद अली, भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश मेघवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक, भाजपा नेता अमित सहू, विकास गुप्ता, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता अमरजीत सिंह मेहरड़ा, प्रदीप रुस्तगी, अधीक्षण अभियंता रामाकिशन आदि मौजूद रहे। हनुमानगढ़ प्रदूषित जल मामले में सैंकड़ों पत्र लिखे जल संसाधन मंत्री रावत ने पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। सेम की समस्या के समाधान के लिए मजबूती से प्रयास किए जा रहे हैं। हमारी सरकार इसका समयबद्ध निस्तारण करेगी। नहर में जल प्रदूषण रोकने के लिए पंजाब और केंद्र सरकार को सैकड़ों पत्र लिखे गए हैं। सक्षम स्तर पर चर्चा करके इसका भी शीघ्र समाधान कर लिया जाएगा। रावत ने बजट में सिंचाई तंत्र को अधिक मजबूती देने के लिए मुखात्मंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया। इससे पहले मंत्री ने जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कर ज़मीनी तैयारियों का जायज़ा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। ये रहेगा सीएम का कार्यक्रम मुयमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को जयपुर से रवाना होकर भठिंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे हरि के बैराज, मल्लेवाला हैड, बल्लेवाला हैड, बीकानेर कैनाल, फिरोजपुर फीडर व इंदिरा गांधी नहर का हवाई निरीक्षण करेंगे। दोपहर 1 बजे लोहगढ़ हैड का निरीक्षण कर हनुमानगढ़ के लखूवाली हेलीपैड पर पहुंचेंगे। दोपहर 2 बजे लखूवाली हैड का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही घग्घर डायवर्सन चौनल, घग्घर नदी के पुल का निरीक्षण करते हुए जंक्शन स्थित सर्किट हाउस में दोपहर 4 बजे भाखड़ा नहर क्षेत्र के किसानों से संवाद करेंगे। उसके उपरांत श्रीगंगानगर के लिए रवाना होंगे।
