
हनुमानगढ़। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की ओर से 28 जुलाई सोमवार को आयोजित होने वाली भव्य रैली को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। रविवार को जिला संगठन के पदाधिकारियों ने आयोजन स्थल शिव मंदिर सिनेमा ग्राउंड का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। रैली की सफलता को सुनिश्चित करने के लिए सभी जिम्मेदार कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बीएमएस के जिला अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने बताया कि रैली संगठन की 70वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य संगठन की उपलब्धियों को जनमानस तक पहुंचाना और श्रमिकों की एकजुटता को प्रदर्शित करना है। यह रैली जिले के इतिहास में एक बड़ा श्रमिक संगठन बनकर उभरेगी। उन्होंने बताया कि रविवार को आयोजन स्थल पर ध्वनि व्यवस्था, बैठने की सुविधा, सुरक्षा इंतजाम, जलपान व्यवस्था आदि का गहन निरीक्षण किया गया।
प्रदेश महामंत्री इन्द्राज घोटिया एवं जिला मंत्री संदीप सिरावता ने बताया कि रैली की शुरुआत सोमवार को सुबह शिव मंदिर सिनेमा ग्राउंड में एक सभा से होगी, जिसमें बीएमएस के प्रदेश महामंत्री हरिमोहन शर्मा, उपाध्यक्ष गोरी शंकर व्यास, महेश शर्मा अखिल भारतीय अध्यक्ष भारतीय ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ, गोविन्द जौशी संभाग संगठन मंत्री, प्रदेश महामंत्री इन्द्राज घोटिया , सतीश राठौड़ प्रदेश महामंत्री डिस्कॉम श्रमिक संघ, भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार डेलू, चुन्नीलाल राजस्थानी संगठन मंत्री,निशान्त बत्रा जिलाध्यक्ष विश्व हिन्दू परिषद सहित कई प्रमुख हस्तियां भाग लेंगी। सभा के बाद रैली नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई बिश्नोई धर्मशाला पहुंचेगी। इसके लिए प्रशासन से आवश्यक अनुमति लेकर समुचित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
रविवार को हुए निरीक्षण के दौरान सभी कार्यकर्ताओं को उनके दायित्व समझाए गए और रैली के शांतिपूर्ण एवं अनुशासित संचालन पर विशेष बल दिया गया। ई-रिक्शा प्रचार रथ के माध्यम से नगर एवं आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को रैली में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस अवसर पर अनिल गोदारा, सुरेन्द्र करीर,गुरमुख सिंह, अनिल ज्याणी,सोनू मजोका, हनुमान शेखावत,अमर सिंह, लखविंदर सिंह,सौरव संदीप झोरड़, कपिल खिलैरी, मनोज राव,सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
