
हनुमानगढ़। गुरुनानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष में गुरुद्वारा बाबा विचित्र सिंह साहिब में श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में विशाल गुरमत समागम का आयोजन किया गया। सुबह श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर संगत ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, आपसी भाईचारे और खुशहाली की अरदास की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक गणेशराज बंसल ने शिरकत की और संगत को संबोधित करते हुए गुरु के उपदेशों पर चलने का आह्वान किया।
भोग के उपरांत आयोजित गुरमत समागम में देश-प्रदेश से आए प्रसिद्ध रागी और कविश्री जत्थों ने अपनी मधुर वाणी से दरबार साहिब को गुंजायमान कर दिया। रागी जत्था भाई गुरचरण सिंह, बाबा निर्मल सिंह, कविश्री जत्था भाई मखन सिंह मल्लेका, हजूरी जत्था भाई सुखवीर सिंह, तथा कथावाचक निर्मल सिंह खालसा ने श्री गुरु नानक देव जी के जीवन, उपदेशों और मानवता के संदेशों को कीर्तन और कथा के माध्यम से संगतों के समक्ष प्रस्तुत किया। संगत ने ‘जो बोले सो निहाल’ के जयघोष के साथ दरबार साहिब में गूंज भर दी।
मुख सेवादार निर्मल सिंह ने जानकारी दी कि 11 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब का प्रकाश करवाया गया था, जिसका भोग आज बड़ी श्रद्धा और स्नेहपूर्वक डाला गया। उन्होंने बताया कि भाई जसकरण सिंह सतीपुरा ने अखंड पाठ की सेवा निभाने का सौभाग्य प्राप्त किया। पूरे आयोजन में संगत ने पूर्ण निष्ठा और श्रद्धा से भाग लिया।
समागम के दौरान संगत के लिए अटूट गुरु का लंगर लगाया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। गुरुद्वारे के प्रांगण में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। आयोजन समिति के सेवादारों ने लंगर सेवा, पार्किंग व्यवस्था और साफ-सफाई की उत्कृष्ट व्यवस्थाएं कीं।
विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का जीवन सत्य, करुणा और सेवा की मिसाल है। उनके उपदेश आज भी समाज को एकता, समानता और सद्भाव की राह दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम और भाईचारे की भावना को और मजबूत करते हैं।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं और सेवादारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हर युग में प्रासंगिक हैं और हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, शांति और सेवा का प्रसार करना चाहिए।
संपूर्ण कार्यक्रम का समापन अरदास और गुरु के लंगर के साथ हुआ। वातावरण में भक्ति, प्रेम और सामूहिक सद्भाव का सुंदर संगम देखने को मिला। उक्त आयोजन में रमजान पार्षद, जगसीर सिंघ, बलराज दानेवालिया, बूटा सिंह, भूपेंद्र सिंह, कुंदन सिंघ, तेजपाल सिंघ का विशेष सहयोग रहा।
