
हनुमानगढ़। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ द्वारा हनुमानगढ़ जिले में संगठन को मजबूत करते हुए नई जिम्मेदारी का वितरण किया गया है। प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष मुकुल गोयल ने प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार हनुमानगढ़ जिले के लिए सुरेंद्र कुमार मारवाल को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को सशक्त बनाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद सुरेंद्र कुमार मारवाल ने कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, प्रदेश महासचिव ललित तुलवाल, उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष मुकुल गोयल, सांसद कुलदीप इंदोरा, विधायक डूगरराम गेदर तथा प्रदेश सचिव सुरेंद्र कुमावत लाम्बा का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूर्ण निष्ठा और समर्पण भाव से निभाएंगे।
मारवाल ने कहा कि उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का समाधान, उनके हितों की रक्षा तथा प्रदेश में सकारात्मक व्यापारिक वातावरण को बढ़ावा देना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले के व्यापारियों, उद्योगपतियों और युवाओं को संगठन से जोड़कर प्रकोष्ठ को और अधिक प्रभावशाली बनाया जाएगा।
मारवाल ने आगे कहा कि कांग्रेस संगठन ने सदैव व्यापारियों और छोटे उद्यमियों के हितों को प्राथमिकता दी है। आने वाले समय में वे जिले के प्रत्येक ब्लॉक और नगर में प्रकोष्ठ की सक्रिय टीम बनाकर व्यापार जगत की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएंगे।
नियुक्ति की सूचना मिलते ही स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों ने मारवाल को बधाई दी और उनके नेतृत्व में प्रकोष्ठ के मजबूत होने की उम्मीद जताई।
