
हनुमानगढ़। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर एवं देहात की ओर से एसआईआर वोटरलिस्ट अभियान 2025 के तहत कांग्रेस बीएलए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मंगलवार को जंक्शन स्थित अरिहंत पैलेस में किया गया। प्रशिक्षण शिविर विधानसभा प्रभारी हरीराम बाना की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों, ब्लॉक स्तर के नेताओं तथा बीएलए प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भागीदारी दर्ज कराई। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस महत्वपूर्ण शिविर में बूथ प्रबंधन, वोटरलिस्ट सत्यापन तथा एसआईआर अभियान के क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
शिविर में मुख्य रूप से जिला प्रमुख कविता मेघवाल, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी, पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी, पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, वरिष्ठ नेता गुरमीत चंदड़ा, देहात अध्यक्ष संदीप सिधू, शहर अध्यक्ष जिनेंद्र जैन बेबी सहित शहर व देहात क्षेत्रों के बीएलए प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करने के साथ हुई।
विधानसभा प्रभारी हरीराम बाना ने अपने संबोधन में कहा कि एसआईआर वोटरलिस्ट अभियान 2025 कांग्रेस के लिए संगठन सुदृढ़ीकरण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसके माध्यम से बूथ स्तर पर मतदाताओं के आंकड़ों का सटीक और व्यवस्थित संकलन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीएलए कांग्रेस के बूथ स्तंभ हैं और उनका दायित्व बेहद संवेदनशील व महत्वपूर्ण है। बाना ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से कहा कि वे प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का सत्यापन सावधानीपूर्वक करें, नए मतदाताओं को जोड़ें और जिन मतदाताओं के नाम छूट गए हैं, उन्हें पुनः सूची में शामिल कराने के लिए तुरंत कार्यवाही करें। उन्होंने दावा किया कि मजबूत संगठन और सही आंकड़ों के साथ कांग्रेस आगामी चुनाव में मजबूती से उतरकर शानदार प्रदर्शन करेगी।
जिला प्रमुख कविता मेघवाल ने कहा कि मतदाता सूचियों में शुद्धता लाने का कार्य संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हर बीएलए को अपने बूथ क्षेत्र में घर-घर जाकर वास्तविक मतदाताओं की जानकारी जुटानी होगी। मेघवाल ने महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी जोर दिया और कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलती है।
वहीं, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने बीएलए प्रशिक्षण सत्र में कहा कि कांग्रेस संगठन बूथस्तर पर जितना मजबूत होगा, चुनावी सफलता उतनी ही सुनिश्चित होगी। दादरी ने कहा कि बीएलए का कार्य केवल दस्तावेज भरना नहीं, बल्कि बूथ पर कांग्रेस की पकड़ को मजबूत करना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ईमानदारी, समर्पण और सूझबूझ के साथ अभियान को सफल बनाएं।
दादरी ने स्पष्ट कहा कि हर बीएलए को बूथ की भौगोलिक स्थिति, स्थानीय मुद्दों, मतदाता परिवारों और नए युवा मतदाताओं की जानकारी अद्यतन रखते हुए संगठित ढंग से काम करना होगा।
पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी और पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़ ने भी प्रशिक्षण शिविर को संबोधित किया। उन्होंने एसआईआर सूची के प्रारूप, फॉर्म भरने के महत्वपूर्ण बिंदुओं और गलतियों से बचने के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी। गुरमीत चंदड़ा, संदीप सिधू और जिनेंद्र जैन बेबी ने भी बीएलए की भूमिका, अनुशासन तथा बूथ पर समयबद्ध उपस्थिति के महत्व पर विचार रखे।
शिविर में बीएलए प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण टीम से विभिन्न टेक्निकल बिंदुओं पर सवाल भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में सभी बीएलए को आवश्यक दस्तावेज, दिशा-निर्देश पुस्तिका एवं बूथवार कार्य सूची वितरित की गई।
अंत में विधानसभा प्रभारी बाना ने सभी कार्यकर्ताओं को अभियान के प्रति समर्पित रहने और बूथवार लक्ष्य निर्धारित कर पूर्ण करने का संकल्प दिलाया। प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ और कार्यकर्ताओं में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उत्साह दिखाई दिया। इस मौके पर बलराज सिंह सतीपुरा, धनश्याम भादू, रणवीर सिहाग, अनिल खिचड़, प्रकाश जैन, अमर सिहाग, रेशम पूर्व सरपंच, बद्री सरपंच, पंछी सिंह सरपंच, करणी सिंह,
वारिस अली सरपंच, कालू राम उप प्रधान, राजू बराड़, विकास सैनी, चंदन मोंगा, गुरविंदर सिविया, सूरजा जाखड़, तरसेम चौहान, अजमेर सिंह, बलकौर सिंह, रणवीर नायक, विनोद गोदारा, इन्द्र बिश्नोई, विजेंद्र साई सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
