
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी के हनुमानगढ़ आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। उनके स्वागत-अभिनंदन के लिए गुरुवार को पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप के आवास पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर उनका भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू एवं भाजपा नेता अमित सहू ने किया। दोनों नेताओं ने स्वागत करते हुए कहा कि सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी को प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे अहम पद पर नियुक्त किया जाना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इससे हनुमानगढ़ , श्रीगंगानगर और आसपास के क्षेत्रों में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि टीटी लंबे समय से संगठनात्मक राजनीति में सक्रिय रहे हैं और अनेको राजनीतिक पदों पर भी शुशोभित रहे है और उनकी कार्यशैली हमेशा प्रेरणादायी रही है।
स्वागत समारोह के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर, माल्यार्पण कर तथा अभिनंदन के जयघोष के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी ने इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान और जनता से जुड़कर काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी, जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, मंडल अध्यक्ष बलराज मान, युवा नेता साहिल बलाड़िया, अपारजोत सिंह बराड़, देवेन्द्र अग्रवाल, सुरेंदर बलाड़िया, सुरजीत सहारण, हिमांशु महर्षि, विकास गोदारा, विजय पाल, विनोद भाम्भू, अनिल थोरी, रमेश, सुरेंदर, बलदेव सिंह, केवल सिंगला, सुभाष पूनिया, सुशील ढुढाणी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि प्रदेश नेतृत्व में हनुमानगढ़ की भागीदारी बढ़ने से जिले में भाजपा संगठन का विस्तार और गति दोनों बढ़ेंगे।
भाजपा नेता अमित सहू ने भी संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी में नई ऊर्जा तभी आती है जब जिम्मेदार पदों पर योग्य और अनुभवी कार्यकर्ताओं को मौका मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी अपने अनुभव और कुशल नेतृत्व क्षमता से प्रदेश स्तर पर संगठन को और मजबूत करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने आगामी राजनीतिक रणनीति, संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक मजबूती और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर भी चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी जैसे नेतृत्व से पार्टी को दिशा और मजबूती दोनों प्राप्त होंगी।
समारोह के अंत में जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही संगठन की असली शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी संगठन को और व्यापक बनाने तथा जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
