
हनुमानगढ़। बार संघ हनुमानगढ़ के वर्ष 2025-26 के चुनाव को लेकर तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रीतपाल सिंह ने चुनावी कार्यक्रम घोषित करते हुए बताया कि बार संघ के चुनाव आगामी 12 दिसंबर 2025 को संपन्न होंगे। इसके लिए चरणबद्ध कार्यक्रम तय कर दिया गया है, जिसके अनुसार सभी प्रक्रियाएँ निर्धारित तिथियों पर बार संघ लाइब्रेरी में आयोजित की जाएंगी।
चुनावी कार्यक्रम के अनुसार 1 दिसंबर 2025 से 3 दिसंबर 2025 तक रोजाना सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक वोट बनवाने का कार्य किया जाएगा। सदस्यता शुल्क 120 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके बाद 4 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे वोटर सूची प्रकाशित की जाएगी। उसी दिन 2 बजे से 5 दिसंबर शाम 4 बजे तक वोटर सूची पर आपत्तियाँ स्वीकार की जाएंगी।
आपत्तियों के निस्तारण के बाद 6 दिसंबर 2025 को सुबह 11 बजे अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। इसके बाद चुनावी नामांकन की प्रक्रिया 8 दिसंबर 2025 को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 9 दिसंबर को सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित है। नामांकन वापसी के बाद 9 दिसंबर दोपहर 3 बजे अंतिम नामांकन सूची प्रकाशित होगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रीतपाल सिंह ने बताया कि मतदान 12 दिसंबर 2025 को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा, जबकि मतगणना और परिणाम घोषणा उसी दिन दोपहर 3 बजे से प्रारंभ कर दी जाएगी, जो परिणाम आने तक जारी रहेगी।
चुनाव में विभिन्न पदों के लिए योग्यता और नामांकन शुल्क भी निर्धारित किए गए हैं। अध्यक्ष पद के लिए 15 वर्ष, उपाध्यक्ष के लिए 10 वर्ष, जबकि सचिव, कोषाध्यक्ष और पुस्तकालयाध्यक्ष पदों के लिए 5 वर्ष का वकालत अनुभव आवश्यक है। अध्यक्ष पद का नामांकन शुल्क 15,000 रुपये, उपाध्यक्ष एवं सचिव का 11,000 रुपये, जबकि कोषाध्यक्ष और पुस्तकालयाध्यक्ष के लिए 5,100 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
उम्मीदवार को नामांकन फार्म के साथ एनरोलमेंट प्रमाण पत्र, तीन पासपोर्ट साइज फोटो, तथा एक घोषणा पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा, जिसमें यह उल्लेख हो कि उम्मीदवार के खिलाफ कोई क्रिमिनल केस लंबित नहीं है और उसका अन्य किसी बार में वोट नहीं है।
चुनावी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रीतपाल सिंह के साथ सहायक निर्वाचन अधिकारी रामकुमार सहारण, विमल कीर्ति बिश्नोई, शालू रानी और आशीष भीड़ासरा को जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं।
