
हनुमानगढ़। माकपा के नेतृत्व में बुधवार को गांव जसाना के निवास जगदीश कुमार ने जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर प्रकरण संख्या 62/2024 आवास फाइनेंस लिमिटेड बनाम जगदीश को लेकर नया विवाद से अवगत करवाया। प्रार्थी जगदीश पुत्र देवीलाल, निवासी वार्ड 4 जसाना, तहसील नोहर ने आरोप लगाया है कि आवास फाइनेंस लिमिटेड ने उनके विरुद्ध तथ्यों को तोड़-मरोड़कर एवं सही स्थिति छिपाकर न्यायालय में अनावश्यक प्रकरण दायर किया है।
जगदीश कुमार द्वारा दिए गए विवरण के अनुसार फरवरी 2020 में आवास फाइनेंस लिमिटेड से 2,52,000 रुपये का ऋण लिया गया था। जगदीश का कहना है कि इस ऋण की सभी किश्तें उन्होंने नियमानुसार समय पर बिना किसी रुकावट के जमा करवाई हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पिछले महीने की किश्त भी नियमित रूप से जमा करवाई गई है, इसके बावजूद भी कंपनी ने उनके एवं उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की नीयत से यह मामला दर्ज करवाया है।
जगदीश ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि कंपनी द्वारा प्रस्तुत किया गया प्रकरण वास्तविक तथ्यों से मेल नहीं खाता और भ्रामक आधार पर दाखिल किया गया है। उनका कहना है कि आवास फाइनेंस लिमिटेड द्वारा की गई यह कार्रवाई दुर्भावनापूर्ण प्रतीत होती है, जिसका उद्देश्य उन्हें अनावश्यक दबाव में लेना है। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि मामले की गहन और निष्पक्ष जांच करवाकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए।
माकपा के रघुवीर वर्मा ने जिला कलक्टर से मांगी की है कि यदि जांच में कंपनी के आरोप तथ्यहीन पाए जाएं, तो उनके विरुद्ध दर्ज की गई कार्यवाही को ड्रॉप किया जाए, ताकि उन्हें और उनके परिवार को अनावश्यक परेशानी से मुक्ति मिल सके। प्रार्थी के अनुसार वह एक आम नागरिक होने के नाते नियमित किश्तें जमा करता रहा है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई है।
जिला प्रशासन को सौंपे गए इस प्रार्थना पत्र में यह भी मांग की गई है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उचित स्तर पर जांच करवाते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे किसी भी निर्दाेष व्यक्ति को बेवजह कानूनी प्रक्रिया का सामना न करना पड़े। प्रार्थना पत्र के अनुसार जगदीश ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन उनकी शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेगा।
माकपा के रघुवीर वर्मा ने कहा कि इन निजी फाईनेंस कम्पनियों के दबाव में प्रशासन भी कार्य कर रहा है और गरीब किसानों को परेशान करने में फाईनेंस कम्पनियों का सहयोग कर रहा है। अगर यह ठग्गी बंद नही हुई तो माकपा बड़े स्तर पर आन्दोलन करेगी। इस मौके पर कामरेड़ सुरेश जोड़किया, रामकुमार खटोड़ एडवोकेट, नुर आलम एडवोकेट, लाल चंद देवर्थ एडवोकेट सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
