
हनुमानगढ़। राजस्थान गृह रक्षा विभाग के महानिदेशक की ओर से दी जाने वाली प्रतिष्ठित महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र से हनुमानगढ़ जिले के होमगार्ड जवान सोहनलाल को सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें राजकीय दायित्वों के साथ-साथ उच्चाधिकारियों द्वारा सौंपे गए कार्यों को निष्ठा, परिश्रम और पूर्ण अनुशासन के साथ संपादित करने की उल्लेखनीय क्षमता के लिए प्रदान किया गया है।
श्री सोहनलाल, पुत्र श्री खेमाराम, सदस्य संख्या 100, पदस्थापन गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र हनुमानगढ़, लंबे समय से अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और दृढ़ निश्चय के साथ कर रहे हैं। उनके कार्यों में समयपालन, कार्य के प्रति समर्पण और संगठन के प्रति अनुशासनपूर्ण आचरण सदैव देखने को मिला है। इन्हीं गुणों के आधार पर महानिदेशक, गृह रक्षा राजस्थान, जयपुर की ओर से उन्हें महानिदेशक प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। यह प्रशस्ति पत्र राजस्थान गृह रक्षा की महानिदेशक एवं महासमादेष्टा मालिनी अग्रवाल (IPS) ने जारी किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सोमवार को उनके हनुमानगढ़ आगमन पर होमगार्ड कार्यालय में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर कमांडेंट प्रियंका कड़वासरा ने नेतृत्व करते हुए जवान सोहनलाल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सोहनलाल की उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। ऐसे समर्पित और अनुशासित जवान ही विभाग की कार्यकुशलता को नई ऊंचाइयों तक लेकर जाते हैं।
प्रियंका कड़वासरा ने कहा कि सोहनलाल ने अपने उत्कृष्ट कार्य के बल पर न केवल विभाग का नाम रोशन किया है, बल्कि जिले का मान भी बढ़ाया है। उनके इस सम्मान से निश्चित रूप से अन्य स्वयंसेवकों में भी प्रेरणा का संचार होगा। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने भी सम्मानित सोहनलाल का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान न केवल सोहनलाल की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि हनुमानगढ़ गृह रक्षा संगठन के सतत बेहतर होते प्रदर्शन का भी प्रतीक माना जा रहा है।
