
जंक्शन स्थित अम्बेडकर भवन में गुरुवार को जिला स्तरीय युवा महोत्सव हुआ। इसमें जिलेभर से 15 से 29 वर्ष आयुवर्ग के प्रतिभावान युवा कलाकारों ने भाग लेकर अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला, एवं आयोजन सचिव एडीईओ चानणमल भार्गव ने की। इस इवेंट में विभिन्न कलाओं से जुड़ी प्रतियोगिता में 16 से अधिक प्रतिभागी विजेता बने, जो अब संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें समूह नृत्य, समूह गान, नकल गान, नकल नृत्य, राजस्थानी लोकगीत, चित्रकला, भाषण, कहानी लेखन, कविता लेखन सहित कई पारंपरिक और विलुप्तप्राय कलाएं जैसे फड़ चित्रकला, कठपुतली नृत्य, मोरचंग तथा अलगोजा वादन का प्रदर्शन हुआ। शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय मानस टीम द्वारा वीरेंद्र छोपाला के नेतृत्व में नुक्कड़ नाटक मीठी मौत का प्रभावी मंचन किया गया, जिसने समाज में बढ़ती समस्याओं पर सार्थक संदेश दिया। युवा प्रतिभाओं के जोश, कला के प्रति समर्पण और मंच पर प्रस्तुत की गई उनकी विविध प्रतिभाओं ने दर्शकों का मन मोह लिया।
टैक्सटाइल में हनुमानगढ़ ब्लॉक से पायल, एग्रो प्रोडक्ट में नोहर से आशीष, एकल लोक गायन में हनुमानगढ़ से देव चुग, मोरचंग वादन में नोहर से राहुल, समूह लोक नृत्य में हनुमानगढ़ से रेखा एंड पार्टी, हैंडीक्राफ्ट में भादरा से प्रीती शर्मा, भित्ति चित्र में नोहर से गणेश सोनी, मांडणा में हनुमानगढ़ से ज्योति, विज्ञान मेला में नोहर से ललित एंड पार्टी, कहानी लेखन में संगरिया से योगेश, चित्रकला में संगरिया से तथागत कोटि, कविता में पीलीबंगा से अनिल कुमार, समूह लोक गायन में टिब्बी से पूजा एंड पार्टी, भाषण प्रतियोगिता में पीलीबंगा से निखिन बिश्नोई, फड़ में संगरिया से पायल सैन और एकल लोक नृत्य में हनुमानगढ़ से कल्पना विजेता रही।
