
हनुमानगढ़ टाउन स्थित टाइम्स एजुकेशनल ग्रुप ने अपना 25वां वार्षिकोत्सव मनाया। इस अवसर पर टाइम्स कॉलेज और टाइम्स स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में छात्र-छात्राओं ने राजस्थानी और पंजाबी गीतों पर शानदार प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक, पंचायत समिति के निवर्तमान प्रधान प्रतिनिधि कालूराम गोदारा और बालकृष्ण थरेजा मेहमान के तौर पर मौजूद थे। संस्था के चेयरमैन डॉ. सागरमल लढ़ा ने शिक्षकों और बच्चों को सही दिशा में परिश्रम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। निदेशक गोपाल किशन लढ़ा और कोषाध्यक्ष कपिल लढ़ा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस दौरान प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज प्राचार्य डॉ. आरपी जांगू, फार्मेसी कॉलेज प्राचार्य अश्विनी शर्मा, स्कूल प्रिंसिपल नेहा शर्मा सहित कॉलेज और स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
