
हनुमानगढ़ में मंगलवार को सुशासन सप्ताह के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग के निर्देश पर 19 से 25 दिसंबर तक ‘गुड गवर्नेंस वीक’ मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सरकारी कामकाज को लोगों के लिए अधिक आसान और पारदर्शी बनाना है।
कार्यशाला के दौरान अधिकारियों को हनुमानगढ़ जिले को बेहतर बनाने के लिए आगामी वर्षों की स्पष्ट योजनाएँ तैयार करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक विभाग को अपने कार्यों के लिए छोटे लक्ष्य निर्धारित करने, फाइलों का समय पर निपटारा करने और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
बैठक में कार्यालयों को स्वच्छ और सुगम बनाने पर भी जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि कार्यालयों में नियमित सफाई, स्वच्छ पेयजल, उचित बैठने की व्यवस्था, प्रतीक्षा कक्ष और रिकॉर्ड के समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सुशासन सप्ताह के दौरान किए गए सुधारों की पहले और बाद की तस्वीरें तथा संक्षिप्त विवरण भी तैयार किया जाएगा, ताकि भविष्य में इन अच्छे कार्यों की निगरानी की जा सके।
अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने और नागरिकों को समय पर, सरल तथा विश्वसनीय सेवाएँ प्रदान करने का निर्देश दिया गया। इस कार्यशाला में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, सहायक निदेशक लोक सेवाएँ डॉ. दिव्या, नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र यादव सहित डिस्कॉम, चिकित्सा, सामाजिक न्याय, सहकारिता, वन, पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
