
हिसार के हांसी में पुलिस ने मारपीट कर गाड़ी छीनने के मामले में आरोपी सुनील उर्फ मोदी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन के दिशा-निर्देशों के तहत थाना बास पुलिस को यह सफलता मिली। सुनील उर्फ मोदी हनुमानगढ़, राजस्थान का निवासी है।
थाना बास में तैनात सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने बताया कि आरोपी सुनील उर्फ मोदी लंबे समय से फरार था। वर्ष 2023 में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बांड़ाहेड़ी नहर पुल के पास अमित निवासी रावलवास से मारपीट की थी। इसके बाद आरोपियों ने जबरन अर्टिगा गाड़ी छीन ली और मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस ने बदमाश सुनील उर्फ मोदी को किया गिरफ्तार।
कोर्ट ने आरोपी को भेजा जेल
घटना के बाद थाना बास पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार प्रयासों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, छीनी गई अर्टिगा गाड़ी पहले ही बरामद कर ली गई थी। गिरफ्तार आरोपी सुनील उर्फ मोदी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह अन्य वारदातों में शामिल रहा है या नहीं।
एसपी ने की पुलिस टीम की तारीफ
पुलिस अधीक्षक हांसी ने थाना बास पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
