
कैंसर की समय रहते पहचान एवं प्राथमिक उपचार हेतु मोबाइल कैंसर निदान वैन के माध्यम से जिले में 5 से 9 जनवरी तक 5 जांच शिविर लगाए जाएंगे, जिसमें कैंसर को लेकर जागरुकता के प्रयास भी किए जाएंगे। यह शिविर एमजीएम राजकीय चिकित्सालय, सीएचसी गोलूवाला, सीएचसी संगरिया, उपजिला अस्पताल नोहर एवं उपजिला अस्पताल भादरा में आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि 5 से 9 जनवरी तक जिले में मोबाइल कैंसर निदान वैन द्वारा 5 जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह शिविर एमजीएम राजकीय चिकित्सालय, सीएचसी गोलूवाला, सीएचसी संगरिया, उपजिला अस्पताल नोहर एवं उपजिला अस्पताल भादरा में आयोजित किए जाएंगे। शिविर में ओपीडी समय के दौरान ही मौके पर मैमोग्राफी, सीबीई, ओरल विजुअल एग्जामिनेशन, डिजिटल एक्स-रे, कोल्पोस्कोप, वीआईए, बीपी, आरबीएस आदि जांच की निशुल्क व्यवस्था रहेगी। इस प्रकार मोबाइल वैन पर गले, बच्चेदानी के मुंह, ब्रेस्ट और फेफड़ों के कैंसर की जांच के सभी उपकरण मौजूद हैं। डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि मोाबइल वैन पर ऑकोलॉजिस्ट, ईएनटी विशेषज्ञ, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ सहित रेडियोग्राफर तथा नर्सिंग अधिकारियों की सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान होने पर 90 प्रतिशत से अधिक कैंसर रोगियों का पूरा उपचार संभव है।
डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि 5 जनवरी को हनुमानगढ़ टाउन स्थित एमजीएम जिला अस्पताल, 6 जनवरी को सीएचसी गोलूवाला, 7 जनवरी को सीएचसी संगरिया, 8 जनवरी उपजिला अस्पताल नोहर एवं एवं 9 जनवरी को उपजिला अस्पताल भादरा में मोबाइल कैंसर निदान वैन द्वारा जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि शिविर के लिए क्षेत्र के सभी स्टाफ एवं आशा सहयोगिनियों के माध्यम से आमजन को संदेश पहुंचाया गया है ताकि अधिकाधिक लोग अपनी जांच करवा सकें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि इससे पूर्व 21 से 25 अप्रेल 2025 को जिले में मोबाइल कैंसर निदान वैन द्वारा 5 जांच शिविर आयोजित किए गए थे, जिसमें 214 लोगों ने अपनी जांच करवाकर परामर्श एवं उपचार लिया था।
